सड़क हादसों में दो वृद्धों की मौत, बघौली थाना क्षेत्र में सई नदी के पास हुआ हादसा 

                हरदोई : जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो वृद्धों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
          कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धुरपुरा निवासी जयराम (52) पुत्र मैकू खेतीबाड़ी का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि जयराम अपनी बेटी कोमल निवासी परचल रसूलापुर थाना माधौगंज के घर बुधवार को गए थे। भाई जयपाल ने बताया कि बेटी के घर से वापस आते समय जयराम साइकिल से आगे थे और वह पीछे थे। बघौली थाना क्षेत्र के माधौगंज मार्ग पर सई नदी व भेलवा गांव के बीच पीछे से बाइक सवार ने साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे जयराम गंम्भीर रूप से घायल गए। जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां पर डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
      वहीं बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बलेंदा निवासी विष्णु शर्मा (60) महेश प्रसाद खेतीबाड़ी का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि मंगलवार की शाम को विष्णु शर्मा साइकिल से बाजार गए थे। देर रात तक जब वह वापस नहीं आए तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। उनका शव गांव के बाहर पड़ा मिला। ग्रामीणों ने बताया कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी होगी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।