जीआरपी ने महिला यात्री को लौटाया लावारिस मिला बैग

दीपक कुमार श्रीवास्तव-

कछौना (हरदोई): उत्तर रेलवे के बालामऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी टीम द्वारा ट्रेन से बैंगनी रंग का एक लावारिस बैग बरामद किया गया। बैग की जांच-पड़ताल की गयी तो बैग में कीमती आभूषण, नगदी, एटीएम, पासबुक व अन्य जरुरी सामान मिले। जीआरपी ने बैग के स्वामी का पता लगाया और उसके स्वामी को सौंप दिया। जीआरपी पुलिस की इस ईमानदारी भरे काम की स्थानीय लोगों ने काफी सराहना की है। वहीं, बैग मालिक महिला यात्री ने जीआरपी स्टॉफ को धन्यवाद दिया।

बालामऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन के जीआरपी चौकी इंचार्ज बलजीत यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 12470 जम्मू-तवी एक्सप्रेस के बालामऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन आगमन पर उन्हें ट्रेन में लावारिस बैग होने की सूचना ट्रेन में बैठे यात्री के द्वारा मिली। जिस पर वह हमराह सिपाहियों के साथ ट्रेन में पहुंचे और कई लोगों से पूछताछ की पर किसी ने बैग के स्वामी के विषय में नहीं बताया। जिस पर उन्होंने बैंगनी रंग के लावारिस बैग को बरामद करते हुए उसकी जांच पड़ताल की । पड़ताल करने पर उसमें एक लाख से अधिक कीमत के जेवरात, कीमती कपड़े, 6000 रुपए की नगदी, एटीएम कार्ड बैंक पासबुक आदि सामान मिला। जीआरपी चौकी इंचार्ज ने जांच पड़ताल कर ज्ञात किया कि ट्रेन में मिला लावारिस बैग ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला यात्री का है। जो ट्रेन में बरेली से कानपुर यात्रा के लिए बैठी थी और अपना एक बैग किसी डिब्बे में भूलवश छोड़कर अन्य किसी डिब्बे में बैठकर यात्रा कर रही थी। जीआरपी द्वारा बैग मिलने की सूचना पर अपने पति हरीश खंडेलवाल के साथ बालामऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंची महिला यात्री रेखा खंडेलवाल को जीआरपी चौकी इंचार्ज ने आवश्यक लिखित कार्यवाही करते हुए बैग लौटाया। अपना सारा सामान पाकर महिला यात्री व उसके पति ने काफी खुशी जताते हुए जीआरपी पुलिस की ईमानदारी की काफी प्रशंसा की और धन्यवाद दिया। महिला यात्री ने बताया कि उसे उम्मीद नहीं थी कि अब उसे उसका बैग मिल पाएगा। क्योंकि रुपए वह आभूषण देखकर किसी की भी नीयत खराब हो सकती थी।