हरदोई- अज्ञात लोगों द्वारा एक युवक का जबरिया प्राइवेट पार्ट कटवाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर बाहर निकला तो तीन थानों की पुलिस ने उसे इधर उधर दौड़ाया लेकिन रिपोर्ट नही दर्ज की। एएसपी ने सभी से जवाब तलब कर शहर कोतवाल को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए व पीड़ित युवक को डाक्टरी परीक्षण के लिए भेजा।
एएसपी ज्ञानंजय सिंह के पास पहुंचे बघौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक ने बताया कि वह बीए का छात्र है और 11 जनवरी को बीए की कुछ पुस्तकें लेने हरदोई आया था। बताया कि वह घर जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचा और ट्रेन के बारे में पता किया तो पता चला कि ट्रेन रद है तो वह वापस पुल के नीचे से गुजर रहा था।बताया कि इसी बीच एक युवक उसे मिला और उससे उसके बारे में जानकारी लेकर कहाकि उसके गुरु जी बुला रहे है और अपने साथ एक घर मे ले गया।
आरोप है कि वहां उसे चार लोग पहले से बैठे मिले।उसी में से एक ने गुड्डू नामक आदमी से चाय लाने को कहा।जब उसने चाय पीने से मना किया तो उसको दूध पिलाया गया जिसमें कुछ नशीला पदार्थ था जिससे वह बेहोश हो गया। रात में जब उसको होश आया तो उसे दर्द महसूस हुआ और उसका प्राइवेट पार्ट गायब मिला। आरोप है कि यह लोग उसे जबरिया रोके रहे और किसी तरह वह 21 जनवरी को उनके चंगुल से निकल सका तो कोतवाली शहर पहुंचा । जहां से उसे देहात कोतवाली और वहां से उसे बघौली थाने भेजा गया लेकिन रिपोर्ट नही दर्ज की गई और उसे भगा दिया गया।एएसपी ने सभी थाना प्रभारियों से इस बात को लेकर नाराजगी जताई और जवाब तलब किया है साथ ही शहर कोतवाली पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए व पीड़ित का डाक्टरी परीक्षण कराया है।