यूपी-112 के सवेरा कार्यक्रम के अन्तर्गत वरिष्ठ नागरिकों का ऑनलाइन पंजीकरण करने में बदायूं उत्तर प्रदेश में प्रथम

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद बदायूं अशोक कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में यूपी-112 के तहत सवेरा कार्यक्रम के अन्तर्गत वरिष्ठ नागरिकों का ऑनलाइन पंजीकरण करने में जनपद बदायूं ने पूरे उत्तर प्रदेश मे प्रथम स्थान प्राप्त किया ।

यूपी-100 के नए स्वरूप यानी यूपी-112 के तहत सवेरा कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा राज्य स्तर पर वरिष्ठ नागरिकों का ऑनलाइन पंजीकरण किया जा रहा है । इस मामले में वर्तमान में जनपद बदायूं उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पंजीकरण तीव्र गति से कराने के लिए सभी थानाध्यक्षों को थाना स्तर पर बैठक आयोजित करने हेतु निर्देशित किया गया । उत्तर प्रदेश पुलिस अभी तक सूचनाओं पर त्वरित कार्यवाही के लिए डायल-100 पर कार्य कर रही थी, पिछले दिनों श्रीमान पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 श्री ओम प्रकाश सिंह द्वारा डायल-100 के स्थान पर 112 नंबर डायल करने की घोषणा की गयी थी । जिसके तहत इसमें सवेरा कार्यक्रम के अन्तर्गत वरिष्ठ नागरिकों का डाटा भी एकत्र करने का निर्णय लिया गया है ।

गौरतलब है कि वरिष्ठ नागरिकों के साथ पिछले कुछ वर्षों में आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ी है खासकर बच्चों के नौकरी-पेशा होने के कारण घर में अकेले रह रहे बुजुर्ग अक्सर अपराधियों का शिकार हो जाते हैं, वही अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिक तमाम समस्याओं को दूसरों से शेयर भी नहीं कर पाते हैं ऐसे ही मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए उ0प्र0 पुलिस ने सवेरा कार्यक्रम के अन्तर्गत वरिष्ठ नागरिकों का ऑनलाइन डाटा एकत्र करने का निर्णय लिया है राज्य स्तर पर सभी जिलों में ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो चुका है । जनपद बदायूं के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभी तक 19,883 नागरिकों का पंजीकरण किया जा चुका है । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी द्वारा समस्त अधिकारी/कर्म0गण के साथ जनपदीय स्तर पर बैठक कर पंजीकरण कराने की रणनीति तय की गयी तथा सभी थानाध्यक्षों को थाना स्तर पर बैठकों का आयोजन करने का निर्देश दिया गया, साथ ही बीट आरक्षियों को पंजीकरण करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई ।