अनुप्रिया पटेल का वाहन हुआ दुर्घटनाग्रस्त, सिर में लगी चोट

मिर्ज़ापुर में आज सुबह केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के साथ दुर्घटना घट गयी । सुबह काफिले की ही कार जो अनुप्रिया पटेल की गाड़ी के पीछे-पीछे चल रही थी उसी से उनकी गाड़ी को टक्कर लग गयी । इस टक्कर में अनुप्रिया पटेल के सिर में चोट लगी है । वह दिल्ली के एम्स में जांच कराने के लिए निकल गयी हैं । सूत्रों के मुताबिक एम्स में उनकी जांच की जाएगी । प्रधानमंत्री मोदी ने फोन कर अनुप्रिया पटेल के बारे में जानकारी ली है और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है ।

मालूम हो कि आज केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल मिर्ज़ापुर में कार्यालय पर गयी थीं । वहाँ आए हुए चुनार पॉटरी समिति के सदस्यों से एवं आए हुए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना । आज केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को मिर्जापुर में कई कार्यक्रमों शामिल होना था । राष्ट्रीय राजमार्ग 7 की मरम्मत के कार्य का शुभारम्भ, कम्बल वितरण के साथ दो शोख सभाओं में उन्हें जाना था । कार्यक्रम से लौ़टते समय यह दुर्घटना घट गयी ।