आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय का ह्वाट्सऐप हैक कर रुपये की की जा रही वसूली

आज (२६ फरवरी) प्रात: भाषाविज्ञानी और समीक्षक आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय का ह्वाट्सऐप शरारती तत्त्वों ने हैक कर लिया है। अब ह्वाट्सऐप को हैक करने के बाद उनके अनेक भाषिक और वैचारिक समूह मे जुड़े विद्यार्थियों, अध्यापकों तथा अन्य प्रबुद्धवर्ग से हैकरों द्वारा दो से तीन हज़ार रुपये शालीन भाषा का प्रयोग करते हुए आज सुबह से अभी तक लगातार मागे जा रहे हैं। आचार्य पाण्डेय के ह्वाट्सऐप से रुपये मागे जाने के कारण लगभग पचास शिष्य-शिष्याओं, अध्यापक-अध्यापिकाओं, पुलिस-अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, आकाशवाणी, इलाहाबाद के केन्द्र-निदेशक, सम्पादक, दिल्ली दूरदर्शन कार्यक्रम अधिकारी आदिक ने तत्काल दो-दो हज़ार रुपये भेज दिये थे। इतना ही नहीं, कई लोग उनके घर भी रुपये लेकर पहुँचे थे, जिन्हें वास्तविकता बतायी गयी तब वे हतप्रभ रह गये।

इस घटना से अवगत होते ही आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय अपनी सम्बन्धित शिकायत लेकर निकटतम थाना पहुँचे तब उन्हें साइबर थाना, सिविल लाइन्स, प्रयागराज जाने के लिए कहा गया था। उनके साइबर थाना जाने पर उनकी तहरीर पर एफ० आइ० आर० दर्ज़ कर ली गयी; परन्तु उसकी कॉपी मागने पर कहा गया– कॉपी नहीं मिलती।

उल्लेखनीय है कि ‘गोमती देवी’ और ‘नरेन्द्र सिंह’ के नाम से अभी तक रुपये मागे जा रहे हैं। इन दोनो ही साइबर-अपराधियों ने आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय के ह्वाट्सऐप को हैक कर लिया है और स्वयं उसे चला रहे हैं। उनका ह्वाट्सऐप समाचार लिखने तक हैक किया हुआ था।