“जब नारी में है शक्ति सारी, तो क्यों कहें इन्हें बेचारी”
कछौना(हरदोई):- मिशन शक्ति अभियान के तहत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय कछौना (राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय) के तत्वाधान में क्षेत्र की सशक्त महिलाओं के सम्मान हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के दूसरे चरण का आगाज भी 8 मार्च से हो गया।
महिलाओं की सुरक्षा सम्मान एवं स्वावलंबन से जुड़े “मिशन शक्ति अभियान” के तहत कार्यक्रम की मुख्य वक्ता थाना प्रभारी कछौना हंसमती ने विद्यालय के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें स्वस्थ समाज का निर्माण करना है जिससे महिला व पुरुष में कोई भेदभाव ना रहे। आप सभी जिस तरह से अपने परिवार में मौजूद अपनी बहन, अपने रिश्तेदार या सगे संबंधियों में मौजूद महिलाओं को जो प्यार देते हैं उसी तरह से सामाजिक महिलाओं एवं लड़कियों को भी प्यार व सम्मान देंगे, तभी असल रूप में महिला सशक्तिकरण होगा। हर महिला हमारे लिए सम्मानित है, इसलिए किसी भी महिला से अभद्रता या अपमानजनक व्यवहार नहीं करना है, तभी स्वस्थ समाज का निर्माण होगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी(प्रभारी) श्रद्धा पाण्डे ने कहा कि हमारे यहां महिलाओं का दर्जा दुर्गा के समान है। समाज की महिलाओं को उचित सम्मान मिलना आवश्यक है। भारत विश्व में प्रथम ऐसा देश है जहां महिलाओं को धार्मिक महत्व मिला है।
विशेष अतिथि के रूप में मौजूद नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी रेणुका यादव ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें महिला दिवस हर दिन मानकर चलना है। यह नहीं है कि हम लोग रोज महिलाओं पर अत्याचार करें और एक दिन महिला दिवस मनायें, ऐसा नहीं होना चाहिए। नारी वह देवी है जो घर को स्वर्ग बनाती है। वहां पर उपस्थित सभी छात्रों को प्रेरणा देते हुए कहा कि आपको बचपन से ही महिलाओं के प्रति सम्मान के लिए अच्छे संस्कार सीखने होंगे। बड़े होकर महिलाओं पर अत्याचार नहीं करना है।
कार्यक्रम के समापन के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रंजना उपाध्याय एवं अधीक्षक पी.एन. पाण्डेय द्वारा विशेष अतिथि रेणुका यादव अधिशासी अधिकारी कछौना, मुख्य वक्ता हंसमती थाना प्रभारी कछौना, मुख्य अतिथि मीनू नगर अध्यक्ष कछौना एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा पाण्डे को प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए। साथ ही विद्यालय के मेधावी व प्रतियोगी छात्रों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय के शिक्षक सुगम मिश्रा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ.रंजना उपाध्याय, अधीक्षक पी.एन. पाण्डेय, वार्डन नीतू साहू, व्यायाम शिक्षक अरविंद कुमार, डॉ.नवनीत कुमार समेत सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एवं छात्र उपस्थित रहे।
खबर:- पी.डी. गुप्ता