गायत्री परिवार ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये यज्ञ-हवन कर ईश्वर से की प्रार्थना

दीपक कुमार श्रीवास्तव :

कछौना(हरदोई)। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा गाइडलाइन जारी की गई है, जिसके तहत लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क की अनिवार्यता, निश्चित समय अंतराल पर हाथ धोने या उन्हें सैनिटाइज करते रहने आदि बातों का ध्यान रखने की अपील की गई है। संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों द्वारा आम जनमानस को महामारी के संक्रमण की रोकथाम के लिये जागरूक किया जा रहा है। वहीं आध्यात्मिक संगठनों द्वारा देश को करोना महामारी से बचाने के लिये जगह-जगह यज्ञ-अनुष्ठान भी किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड कोथावां के एक गांव में रहने वाले गायत्री परिवार ने यज्ञ-हवन कर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

गायत्री तीर्थ शांतिकुंज और अखिल विश्व गायत्री परिवार के विश्वभर में फैले सदस्य देश को कोरोना महामारी से बचाव के लिए निरंतर विशेष आध्यात्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड कोथावां के ग्राम जगदीश खेड़ा निवासी बेरिस्टर सिंह ने अपने परिवारजनों व सहयोगियों के साथ सामाजिक दूरी का पालन करते हुये अपने घर में अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से चलाए जा रहे गृहे-गृहे गायत्री यज्ञ और उपासना अभियान के अंतर्गत यज्ञ-हवन अनुष्ठान किया। यज्ञ अनुष्ठान के हवन में विश्व कल्याण की भावनाओं के साथ आहुतियां दी गयी। यज्ञ-हवन के दौरान श्रद्धालुओं ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। गायत्री परिवार के सदस्य बेरिस्टर सिंह ने बताया गायत्री परिवार वैश्विक दैवीय आपदा में सदैव आम जनमानस के कल्याण की भावनाओं के साथ मजबूती से खड़ा मिलता है। मानवता की रक्षा के लिये सात्विक विचारों की अलख जगाकर आम जनमानस को जागरूक किया जाता है, ताकि हम अपनी जीवन पद्धति को भारतीय संस्कृति के अनुसार ढालते हुए मानवता को आगे ले जाने का कार्य कर सकें। हमेशा की तरह आपातकाल में भी हमें एक दूसरे के साथ प्रेम व भाईचारे का भाव रखना चाहिये।