कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाईवाला ने कल सुबह ग्यारह बजे विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाया है। राज्य में नव गठित येडियुरप्पा सरकार के सदन में विश्वासमत प्राप्त करने के लिए सत्र बुलाया गया है। इसमें नवनिर्वाचित सदस्यों को अंतरिम अध्यक्ष शपथ दिलाएंगे। राज्यपाल ने भाजपा सदस्य, के जी बोपैया को अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया है। श्री बोपैया कल शाम चार बजे सदन में येडियुरप्पा सरकार के विश्वासमत प्राप्त करने के दौरान कार्यवाही का संचालन करेंगे।
कल एक दिन का विधानसभा सत्र सुबह 11 बजे आरंभ होगा। प्रोमेट स्पीकर के जी बोपैया सभी 221 सदस्यों से शपथ ग्रहण करवाएंगे। के जी बोपैया को प्रोमेट स्पीकर बनाने पर कांग्रेस द्वारा उठाए गए आपत्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने बताया है कि 2008 में जब राज्यपाल रामेश्वर ठाकुर ने बोपैया को प्रोमेट स्पीकर नियुक्त किया था तब कांग्रेस ने कोई विरोध नहीं किया था और झारखंड में जब कम अनुभवी विधायक को स्पीकर बनाया गया तब भी कांग्रेस ने न्यायालय में इसके हक में प्रवक्ता रखा था।