अवैध रूप से कनेक्शन जोड़कर बिजली का उपभोग करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज

विद्युत विभाग की कार्यवाही से मचा हड़कंप

दीपक कुमार श्रीवास्तव-

कछौना (हरदोई) – बिजली चोरी करने वाले और बकायेदार उपभोक्ताओं पर विद्युत विभाग लगातार शिकंजा कस रहा है । इसी क्रम में जनपद हरदोई के विद्युत उपकेंद्र कछौना के अंतर्गत बिजली चोरी और बकायेदारों पर विभागीय अधिकारियों के द्वारा अभियान चलाकर कार्यवाही जारी है । विभाग द्वारा दो दिनों पूर्व अभियान चलाकर की गई कार्यवाही में बकाये के विरुद्ध काटे गये कनेक्शन को पुन: अवैध रूप से जोड़कर चलाये जाने के कारण 6 लोगों के खिलाफ संबंधित धारा में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी । 

उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के निर्देश पर राजस्व वसूली एवं विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से दो दिनों पूर्व विद्युत केंद्र कछौना के अवर अभियंता राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा अभियान चलाया गया । जिसमें कलील निवासी इस्लामनगर कछौना, मुन्ना निवासी इस्लामनगर कछौना, योगेश कुमार निवासी गाजू मार्ग कुकुही कछौना, कमाल अहमद निवासी कुकुही कछौना, महावीर निवासी गाजू मार्ग कुकुही कछौना, राममूर्ति निवासी कुकुही को बिजली बिल बकाया होने के कारण विभाग द्वारा पूर्व में विद्युत कनेक्शन विच्छेदन की कार्यवाही के बाद बिना बकाया बिल भुगतान किए अवैध रूप से विद्युत उपभोग करते पाया गया । इन सभी के विरुद्ध विद्युत उपकेंद्र कछौना के अवर अभियंता राजकुमार गुप्ता की तहरीर पर कोतवाली कछौना में विद्युत अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है । बिजली विभाग की इस कार्यवाही से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है । अवर अभियंता राजकुमार गुप्ता ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल बकाया होने के कारण विद्युत कनेक्शन विच्छेदन किया गया है, वह आधे बिल भुगतान करके अपना विद्युत कनेक्शन पुनः जुड़वाकर बिजली का उपभोग कर सकते हैं । बिना भुगतान के अवैध तरीकों से बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा । नियम के मुताबिक उपभोक्ता कनेक्शन लेकर बिजली का उपयोग करें। अभियान चलाकर अवैध तरीके से बिजली का उपभोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी । विद्युत चेकिंग अभियान के दौरान अवर अभियंता राजकुमार गुप्ता के साथ, टी०जी०2 संतोष कुमार, हर्ष सिंह, अंकित कुमार मौजूद रहे ।