दीपक कुमार श्रीवास्तव–
कछौना (हरदोई) – बेसिक शिक्षा विभाग में लागू किए के प्रेरणा ऐप को लेकर शिक्षक संघ लगातार विरोध कर रहे हैं । सोमवार को कस्बा कछौना स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बड़ी संख्या में शिक्षकों ने जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के बैनर तले प्रेरणा ऐप का विरोध करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस को सौंपा । शिक्षकों का कहना है कि सरकार पहले इसमें बदलाव करे फिर एप को लागू करे।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कहां गया है कि प्रेरणा ऐप में व्यापक कमियाँ हैं और यह बेसिक शिक्षकों की निजता के अधिकार का हनन है । ज्ञापन में गंभीर स्थितियों के विरोध में तथा प्रेरणा ऐप को वापस लेने एवं शिक्षकों की सेल्फी से उपस्थिति न लिए जाने की बात कहते हुए इसे संशोधन के बाद लागू करने की मांग की गई है । जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष वैभव शर्मा ने कहा कि सरकार आए दिन नई तरकीबें अपनाकर शिक्षकों को परेशान करने का काम कर रही है । जिससे शासन की नीतियों के प्रति शिक्षक समाज में आक्रोश है । शिक्षकों से शिक्षण कार्य के अलावा स्कूलों में एमडीएम बनवाने से लेकर बीएलओ तक के कार्य कराए जाते हैं । प्रेरणा ऐप के माध्यम से सेल्फी अटेंडेंस लागू होने के बाद सरकार खुद तय करे कि शिक्षकों से कार्य क्या लेना है । उन्होंने कहा कि अगर प्रेरणा ऐप में मौजूद खामियों को दूर करते हुए इसमें संशोधन नहीं किया जाता है, तो 30 सितंबर को प्रदेश के सभी शिक्षक जिला मुख्यालयों पर इसका विरोध करते हुए प्रदर्शन करेंगे ।
इस अवसर पर जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष वैभव कुमार शर्मा, मंत्री अमित प्रताप सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रेमचंद्र कनौजिया, मंत्री मुजम्मिल हुसैन, उपाध्यक्ष मजर हुसैन, अनुराग सिंह, चंद्रप्रकाश सिंह, अवधेश शुक्ला, अशोक कुमार, रामनरेश, सिपाही, कल्पना, सुनीता, निधि, अभिषेक सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक गण मौजूद रहे ।