इमाम हुसैन की याद में कमा व छूरी का मातम कर बहाया लहू, संगीनों के साये में निकला सातवीं मोहर्रम का जुलूस

              पिहानी- विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सातवीं मोहर्रम का जुलूस संगीनों के साये में निकला। जिसमें कई थानों की फोर्स, पीएसी के जवान व शासन-प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे। जुलूस में आन बान और शान के साथ तिरंगा भी लहराया गया।
              जुलुस प्रातः चार बजे मिज्जन मियां के मकान से उठकर बड़े चौराहे पहुंचा। यहां से अपने कदीमी रास्तों से होते हुए मोहल्ला खुरमुली जाकर फिर यहां से अति संवेदनशील चौहट्टा मस्जिद पहुंचकर छोटी पिहानी स्थित सदर जहां के रौजा गेट पर पहुंचा। यहां एक अन्य जुलूस मोहल्ला छिपीटोला से उठकर मोहल्ला लोहानी पहुंचा, जहां से सम्मिलित रूप से जुलूस मुकाम कराता हुआ बाबा सदर जहां पर आकर उस जुलूस में शामिल हुआ। रौजा गेट के प्रांगण में दोनों जुलूसों के विलय होने के बाद एक मजलिस खिताब की हुई। जहां मासूम से लेकर युवाओं ने इमाम हुसैन की याद में कमा, छूरी व ब्लेड से मातम कर अपना लहू बहाया। उसके बाद यह जुलूस धीरे-धीरे कटरा बाजार होते हुए मोहल्ला लोहानी स्थित तकिया पहुंची। यहां से कई जगह मुकाम करते हुए छिपीटोला से उठने वाला वापस छिपीटोला जाकर समाप्त हुआ। वहीं बड़ी पिहानी से उठने वाला जुलूस मुकाम कराते हुए मोहल्ला कोटकलां पहुंचा। यहां से धीरे-धीरे मीरसराय पहुंचने पर अलविदाई नोहे के साथ जुलूस का समापन हुआ।

जुलूस में शामिल होता है हजरत कासिम का तख्त

              हर बार की तरह ही नगर के दोनों बड़ी व छोटी पिहानी से उठने वाले जुलूसों में हजरत कासिम की शहादत को याद करके प्रतीक रूप में तख्त शामिल किये गए। जिस पर लोगों ने चढ़ावा चढ़ाकर मन्नतें मांगते हैं। विगत वर्षों से उठने वाले इस जुलूस में नगर व दूर-दराज के हिन्दू भी इसे देखने के लिए उमड़ पड़ते हैं। यही दृश्य मंगलवार को भी देखने को मिला। जब इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए हिंदुओं ने स्टॉल लगाकर आजादारों को जलपान कराया। जिसमें श्री सिद्धिविनायक सेवा समिति के गणेश-महोत्सव कार्यक्रम स्थल पर जुलूस में शामिल शिया अजादारों का स्वागत कर उन्हें जलपान कराया । कटरा बाजार स्थित रौजा गेट पर भी हिंदुओं द्वारा अजादारों का स्वागत कर जलपान की व्यवस्था कर गंगा-जमुनी तहजीब को कायम किया गया।