सामुदायिक शौचालय निर्माण में लगे मजदूरों को पीटा; महिला ग्राम प्रधान को धमकाया

कौशाम्बी : चायल के पिपरी कोतवाली इलाके के तिलगोड़ी गांव में मंगलवार को सामुदायिक शौचालय के निर्माण कार्य मे लगे मजदूरों को दबंगों ने पीट कर काम बंद करवा दिया। मौके पर मौजूद महिला ग्राम प्रधान को गाली गलौच कर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच मे जुट गई है।

तिलगोड़ी गांव में इंद्रावती देवी पत्नी स्व श्याम सिंह ग्राम प्रधान हैं। इंद्रावती के अनुसार उसके गांव में सोमवार को लेखपाल व राजस्व टीम द्वारा सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए ग्रामसभा की जमीन चिन्हित की गई थी। मंगलवार को वह ग्रामसभा की चिन्हित जमीन पर ही शौचालय निर्माण के लिए नींव खोदवाने का कार्य करवा रही थी।इसी दौरान वहां गांव के ही दो दबंग भाई अपने एक दर्जन साथियों संग पहुंचे और काम मे लगे मजदूरों को गाली गलौच के बाद मारपीट करते हुए काम बंद करवा दिया। आरोप है कि मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान इंद्रावती के विरोध करने पर दबंगों ने उसको जान से मारने की धमकी दी। शोर सुन ग्रामीणों ने बीचबचाव कर मामला शांत करवाया। घटना के कुछ देर बाद दबंगों ने दोबारा ग्राम प्रधान के घर पर चढ़ाई कर शौचालय का निर्माण करवाने पर गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद डरी सहमी ग्राम प्रधान ने थाना पहुंच आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।