◆ भारत ने पाकिस्तान को १०७ रनो से पराजित किया
★ आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
न्यूज़ीलैण्ड मे खेली जा रही बारहवीं एकदिवसीय महिला विश्वकप-प्रतियोगिता– २०२२ के अपने पहले ही मैच मे भारत ने मिताली राज के नेतृत्व मे पाकिस्तान को आज (६ मार्च) १०७ रनो से पराजित कर, पाकिस्तान पर लगातार ग्यारहवीं बार विजयश्री अर्जित की है। इससे पूर्व, भारतीय महिला-खिलाड़ियों ने निर्धारित ५० ओवरों मे ७ विकेटों पर २४४ रन बनाये थे, जिसके जवाब मे बिस्माह मारूफ़ की कप्तानी मे खेल रहीं पाकिस्तानी खिलाड़ी ४३ ओवरों मे कुल विकेट खोकर १३७ रन ही बना सकी थीं। पाकिस्तान की ओर से सिदरा अमीन का सर्वाधिक ३० रनो का व्यक्तिगत योगदान था। भारतीय गेंदबाज़ राजेश्वरी गायकवाड़ ने बेहतरीन गेंदबाज़ी करते हुए, १० ओवरों मे ३१ रन देकर पाकिस्तान के ४ खिलाड़ियों को पैवेलियन भेजे थे। झूलन गोस्वामी और स्नेह राणा ने २-२ विकेट झटके थे, जबकि मेघना और दीप्ति के हिस्से मे १-१ विकेट आया था।
उल्लेखनीय है कि भारत-पाकिस्तान के मध्य यह ग्यारहवाँ मैच खेला गया था और भारतीय महिला-दल ने अब तक ग्यारहों मैचों मे पाकिस्तान को लगातार पराजित करने का कीर्तिमान स्थापित किया है। मिताली राज की कप्तानी मे पाकिस्तान को नौ बार पराजय का मुख देखना पड़ा है।
भारतीय हरफ़नमौला (आलराउण्डर) पूजा वस्त्रकार को आक्रामक ढंग से खेलते हुए, ५९ गेंदों मे ६७ रन बनाने के लिए ‘प्लेयर/मैनऑव़ द मैच का पुरस्कार दिया गया है। भारतीय बल्लेबाज़ स्नेह राणा ने ४७ गेंदों मे अविजित ५२ रन बनाये थे। पूजा और स्नेह के बीच शतकीय भागीदारी हुई थी। स्मृति मन्धाना ने ५२ और दीप्ति शर्मा ने ४० रनों का योगदान किया (यहाँ ‘दिया’ अशुद्ध है।) था। पाकिस्तान की ओर से नश्रा संधु और निदा डार ने ४५-४५ रन देकर २-२ विकेट लिये थे।
अब भारत और न्यूज़ीलैण्ड के मध्य अगला मैच १० मार्च को होगा।
(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; ६ मार्च, २०२२ ईसवी।)