काबुल में हुए आत्मघाती आतंकी हमले में 95 लोग मारे गए

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में हुए आत्मघाती आतंकी हमले में 95 लोग मारे गए है और 158 लोगों के घायल होने की सूचना है । यह आतंकी आत्मघाती हमला भीड़-भाड़ वाले इलाके में किया गया था । हादसे की भयावहता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है । विस्फोटक से भरी एम्बुलेंस से हमलावर आया था और उसने यह धमाका सार्वजनिक परिवहन स्थल पर किया । गृह मंत्रालय की पुरानी इमारत और राजनयिक क्षेत्र के यह जगह काफी करीब है । इस हमले की जिम्मेदारी तालिबान ने ली है । तालिबानी लड़ाकों ने एक सप्ताह पहले भी काबुल के होटल में बाइस लोगों की हत्या कर दी थी ।

काबुल में हुए आतंकी हमले की भारत ने कड़ी निंदा करते हुए इसे बर्बर और कायराना बताया है । विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि ऐसे निंदनीय आतंकी हमलों को किसी भी हालत में तर्कसंगत नहीं ठहराया जा सकता । भारत का कहना है कि दोषियों तथा उनके मददगारों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए । भारत की ओर से कहा गया है कि दुख की इस घड़ी में वह अफगान सरकार और नागरिकों के साथ है । घायलों के इलाज सहित भारत ने हर संभव सहायता का प्रस्‍ताव भी किया है ।