नगरपालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र ‘मधुर’ ने स्थानीय ट्रीट गार्डेन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के ज़रिए नगरपालिका क्षेत्र को और अधिक विकसित व सुव्यवस्थित करने को लेकर अपना खाका पेश किया। उन्होंने कहा “हरदोई नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष के निर्वाचन के समय सम्मानित जनता से मैंने कई वायदे किए थे। हरदोई की जनता का मुझे प्यार, आशीर्वाद मिला और मैंने 12 दिसंबर को अध्यक्ष पद की शपथ ली। मैंने जनहित में कार्य प्रारंभ कर दिया है। सर्वप्रथम नगर की सफाई के लिए सफाई अभियान 16 दिसंबर से 29 दिसंबर तक प्रतिदिन 2 वार्डों में होगा। इसमें नालियों की सफाई, मार्ग प्रकाश व्यवस्था, जहां-जहां पाइप लाइन नहीं है वहां पाइपलाइन डलवाने के लिए चिन्हांकन कार्य प्रमुख हैं। प्रत्येक सड़क तथा गली चौराहों पर मार्ग प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है।” उन्होंने जोड़ा कि वे स्वयं अधिशासी अधिकारी व पालिका के कर्मचारियों के साथ वार्ड्स में जा रहे हैं व सदस्यगण सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कूड़ेदानों की आपूर्ति ले ली गई है, उनको जल्द ही लगवाया जाएगा। सभी सदस्यों से प्रस्ताव लेकर गलियों में खड़ंजा व इंटरलॉकिंग आदि कार्य कराए जाएंगे। पार्कों के सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम स्तर पर कोयल बाग कालोनी, आवास विकास कालोनी स्थित पार्क का सौंदर्यीकरण प्रारंभ होगा उसके पश्चात अन्य पार्कों की कार्य योजना तैयार कराई जाएगी। हाउस टैक्स व वाटर टैक्स सरलीकरण के लिए स्व मूल्यांकन भवन स्वामियों से कराया जाएगा। कूड़ा उठाने तथा डालने के लिए नगरपालिका के वाहनों का उपयोग किया जाएगा तथा डोर टू डोर कूड़ा उठाया जाएगा। मुख्य सड़कों को हॉट मिक्स से कराने की कार्य योजना तैयार कराई जा रही है। पेयजल के लिए नगर को 10 ज़ोन में बांटा गया है तथा प्रथम ज़ोन के लिए 418.38 लाख रुपये की कार्य योजना स्वीकृत की गई है। 2 वर्ष के अंतराल में पूरा नगर पेयजल से आच्छादित होगा। नगर के प्रत्येक भवन को जल कनेक्शन से जोड़ा जाएगा व नगर में 2250 व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कार्य कराया जाएगा जिसके लिए धन की व्यवस्था स्वच्छ भारत मिशन से की जाएगी। इसमें 5 शौचालय तथा पांच मूत्रालय बनवाए जाएंगे।