चैन पुलिंग कर भाग रहे खंड शिक्षाधिकारी को आरपीएफ ने किया गिरफ्तार

                  हरदोई जिले की सण्डीला रेलवे स्टेशन पर चैन पुलिंग कर भाग रहे मल्लावां ब्लाक के खंड शिक्षाधिकारी को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया और उनके विरुद्ध रेलवे एक्ट के तहत कार्यवाही कर दी। बीईओ सण्डीला स्टेशन पर इलाहाबाद हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन में चैन पुलिंग कर भाग रहे थे।
                 मामला सण्डीला रेलवे स्टेशन का है। यहां मल्लावां में खंड शिक्षाधिकारी के पद पर राजेश पांडे जो कि सुल्तानपुर के मूल निवासी हैं परन्तु अब लखनऊ में रहते हैं, तैनात हैं। वह लखनऊ-इलाहाबाद एक्सप्रेस में सवार थे और ट्रेन जैसे ही सण्डीला स्टेशन के पास पहुंची तो वह उतरने के लिये ट्रेन में चैन पुलिंग कर बैठे। बताया जाता है कि बीईओ लखनऊ से हरदोई जा रहे थे। बिना किसी कारण ट्रेन रोकने की जानकारी जैसे ही आरपीएफ चौकी इंचार्ज सर्वजीत यादव को लगी तो वह मौके पर पहुंचे । बीईओ आरपीएफ को देखकर भाग खड़े हुए।आरपीएफ इंचार्ज ने हमराही फोर्स के साथ दौड़ाकर बीईओ को पकड़ लिया। मामले की भनक लगते ही सण्डीला में तैनात विभागीय अधिकारी मौके पर पहुँचकर दबाव बनाकर छुड़ाने की कोशिश में लग गए लेकिन आरपीएफ ने रेलवे एक्ट में आरोपी  बीईओ का चालान कर दिया है।