हरदोई- ईनामी अपराधी पकड़ो अभियान के तहत पुलिस ने 25-25 के 3 ईनामी अपराधी गिरफ्तार किए हैं। अरवल पुलिस ने दो और शाहाबाद पुलिस ने एक ईनामी बदमाश गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों को जेल भेजा है।
जिले में एसपी आलोक प्रियदर्शी के निर्देशन व एसपी पश्चिमी त्रिगुण विशेन और सीओ शाहाबाद व हरपालपुर के निकट पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे ईनामी अपराधी पकड़ो अभियान के तहत अरवल थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह व उनकी टीम को एक बड़ी सफलता तब हाथ लगी जब मुखबिर से सूचना मिली कि चौसर बाजार के पास 25-25 हजार के ईनामी अपराधी बलराम पुत्र रामस्वरूप व सुधीर पुत्र नंद लाल निवासी बानामऊ थाना अरवल मौजूद हैं । पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है । इनके ऊपर हत्या जैसे जघन्य अपराधों के आरोप हैं और काफी दिनों से गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहे थे ।
इसी प्रकार शाहाबाद इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र हरपालपुर के सनफरा गांव निवासी ईनामी अपराधी शिशुपाल पुत्र जगदीश पिपरिया पुल के पास मौजूद है । मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जब बताए गए स्थान पर दबिश दी तो युवक को गिरफ्तार किया गया । इसके ऊपर भी 25 हजार का ईनाम था । एसपी ने बताया कि यह वाहन चोर और शातिर अपराधी है और गैंगस्टर अधिनियम में काफी दिनों से फरार चल रहा था । इस दौरान सीओ हरपालपुर ममता कुरील, इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्र, इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह भी मौजूद रहे।