विधायक रानू सिंह के विकास कार्यों की मांग पर मुख्यमंत्री ने लगायी स्वीकृति की मुहर

  • प्रत्येक विधानसभा में 20 करोड़ के कराए जाएंगे विकास कार्य ।
  • जिला मुख्यालय पर मेडिकल कालेज की स्थापना पर मुख्यमंत्री ने जतायी सहमति ।

मुख्यमंत्री द्वारा हरदोई लोकसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने क्षेत्र के विकास के लिए विशेष योजना बनाकर कार्य करने की मांग की। उन्होंने अत्यंत पिछड़े और दुर्गम क्षेत्र के नाते इस विधानसभा में सड़क,बिजली ,शिक्षा,पेयजल, कृषको आदि की बदहाल स्थिति को भी सामने रखा। श्री रानू ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अर्जुनपुर पुल, बरबन रजबहे में टेल तक पानी , हरपालपुर व सवायजपुर में नवीन कृषि मंडी की स्थापना, राजकीय पालीटेक्निक और हर गांव में खेल स्टेडियम की स्थापना अति शीघ्र करवाने की मांग की । जिस पर श्री योगी ने अपनी सहमति देते हुए 2018-19 के वित्तीय वर्ष में इन कार्यों को प्रारम्भ करवाने का भरोसा विधायक श्री रानू को दिया।

सदर सांसद अंशुल वर्मा, शाहाबाद से विधायक श्रीमती रजनी तिवारी व सांडी के विधायक प्रभाष कुमार के साथ क्षेत्र के विकासकार्यों पर चर्चा के लिए गए श्री रानू ने सवायजपुर की अब तक हुई अनदेखी और दयनीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस क्षेत्र के लिए अतिरिक्त धन व योजनाओं की मांग की। उन्होंने इस बैठक में तकरीबन 50 नई सड़को , नदियों किनारे बसे गांवो के तटबन्धों को पक्के निर्माण से सुरक्षित करने, सवायजपुर में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय की स्थापना, ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रत्येक गांव में 1 एकड़ भूमि पर खेल स्टेडियम की स्थापना आदि के प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री को सौंपे।

इन सभी प्रस्तावों पर मुख्यमंत्री ने अपनी मौखिक स्वीकृति देते हुए इनके लिए इस्टीमेट बनवाने के आदेश भी सचिव को दिए है। इसके अलावा शाहाबाद विधायक रजनी तिवारी ने शाहाबाद में रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की मांग रखी और सांडी विधायक प्रभाष कुमार ने राजकीय महाविद्यालय की स्थापना की मांग रखी । जिसे भी मंजूरी मुख्यमंत्री जी ने दे दी है। इस बैठक में सांसद अंशुल वर्मा ने हर विधानसभा क्षेत्र में विकास के लिए अपना पूर्ण सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि कोई ऐसा कार्य जो आवश्यक है और हो नही पा रहा है तो उसके लिए यदि विधायकगण मांग करेंगे तो वो अपनी निधि से वो कार्य करवाएंगे। बैठक में मुख्यमंत्री श्री योगी ने विकास के लिए धन की कमी न आने देने का आश्वासन जनप्रतिनिधियों को दिया। उन्होंने कहा प्रदेश के समेकित विकास के लिए सभी क्षेत्रों में आवश्यकता अनुसार कार्य करवाये जाएंगे। किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव नही होगा।