जम्‍मू-कश्‍मीर में गोलीबारी में शहीद होने वाले पुलिसकर्मियों की संख्‍या बढ़कर दो

जम्‍मू- कश्‍मीर में अस्पताल परिसर में हुई गोलीबारी में शहीद होने वाले पुलिसकर्मियों की संख्‍या बढ़कर दो हो गई है । अस्‍पताल में घायल कॉन्‍स्‍टेबल बाबर ने दम तोड़ दिया । अस्‍पताल परिसर पर आतंकवादियों की गोलीबारी में इससे पहले हेड कॉन्‍स्‍टेबल मुश्‍ताक अहमद शहीद हो गए थे । मालूम हो कि लश्‍करे तैयबा के आतंकवादी नवीद उर्फ हंजला को ये दोनों पुलिसकर्मी चिकित्‍सा जांच के लिए अस्‍पताल लाए थे ।

गोलीबारी के बीच ही नवीद हमलावरों के साथ भाग निकलने में सफल हो गया । उसे दक्षिण कश्‍मीर से 2015 में गिरफ्तार किया गया था । इस हमले के दौरान राइफल छीनने की घटना प्रकाश में आयी थी लेकिन पुलिस उपमहानिरीक्षक गुलाम हसन भट्ट ने इससे इंकार किया है । गुलाम हसन भट्ट के अनुसार अज्ञात आतंकवादियों ने बाहर से पुलिसकर्मियों पर हमला किया था । नवीद और हमलावरों को पकडने के लिए तलाश अभियान शुरू किया गया है । श्रीनगर में हाई अलर्ट कर दिया गया है ।