शहर से जुड़े एक गांव में मामूली बात को लेकर दबंगों ने एक शादी समारोह में घुसकर जमकर कहर ढाया। दूल्हा, दुल्हन, बराती व जनातियों की दौड़ा-दौड़ा कर पिटाई की गयी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने अपनी मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कराई। वहीं बराती मार खाने के बाद बिना भोजन किए ही लौट गए।
मामला कोतवाली शहर के चित्तरपुरवा गांव का है। गांव निवासी श्रीपाल ने अपनी पुत्री सुलोचना की शादी शाहजहांपुर जनपद के एक मोहल्ला निवासी संतोष के साथ तय की थी। गुरूवार को शाहजहांपुर से बारात आई हुई थी। बताया गया है कि घर में बरातियों के स्वागत के लिए खाना बनाया जा रहा था। वहीं द्वारचार से पहले बारातियों के स्वागत के लिए कन्या पक्ष के लोग उन्हें नाश्ता कराने की तैयारी कर रहे थे। श्रीपाल के मुताबिक इसी बीच गांव के ही जंडैल सिंह अपने साथियों के साथ कन्या पक्ष के घर पहुंच गया ।
श्रीपाल का आरोप है वहीं पर महिलाएं भी बैठी हुई थी। उन्हीं के पास में जंडैल सिंह शराब के नशे में लघुशंका करने लगा। यह देख बरातियों व जनातियों ने उसे मना किया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद जंडैल ने अपने कई साथियों को बुलाकर बरातियों से मारपीट करना शुरू कर दिया। अचानक यह देखकर बरातियों में भगदड़ मच गई। कई लोग जख्मी हो गए। इसके बाद दबंगो ने दूल्हे को भी पीट दिया। इतने पर भी दबंगों का गुस्सा शान्त नहीं हुआ। इसके बाद श्रीपाल के घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की। यही नहीं दुल्हन को भी पीटा गया। इस पर कन्या पक्ष के लोगों ने यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शहर पुलिस को भी सूचना दी गई जिससे पुलिस मौके पर पहुंची । पुलिस की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी की गई। लेकिन बाराती बारात छोड़कर भाग गए। शहर कोतवाल आलोक सिंह के मुताबिक शराब के नशे को लेकर विवाद हुआ है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।