कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, एन सी पी, डी एम के, आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस सहित विपक्षी पार्टियों के अनेक नेताओं ने आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की और न्यायमूर्ति बी. एच. लोया की कथित संदिग्ध मौत का मुद्दा उठाया।
मीडिया से बातचीत में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि नेताओं ने राष्ट्रपति को बताया कि ऐसा लगता है कि न्यायमूर्ति लोया का निधन संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ है। श्री गांधी ने कहा कि इस मामले की जांच, उच्चतम न्यायालय की निगरानी में विशेष जांच दल (एस.आई.टी.) से कराई चाहिए। उन्होंने कहा कि 15 पार्टियों के एक सौ 14 सांसदों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर राष्ट्रपति को सौंपा। इन नेताओं ने राष्ट्रपति से इस मामले में हस्तक्षेप का अनुरोध किया है। संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है। बजट सत्र का दूसरा चरण पांच मार्च को शुरू होगा।