मल्लावां-सण्डीला मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बस पलटी, एक दर्जन से अधिक घायल

              मल्लावां-सण्डीला मार्ग पर एक ट्रक की टक्कर से यात्रियों से भरी निजी बस (UP 30 A 5985) अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में बस में सवार एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस ने फौरन घायलों को निकट के सीएचसी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। ये भीषण हादसा कासिमपुर थाना क्षेत्र के जरियारी के पास मल्लावां-संडीला मार्ग पर हुआ है।
               दरअसल संडीला की तरफ से गौसंगज की ओर जा रही यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस को गौसगंज की तरफ से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर लगने से बस सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे की शिकार इस बस में सवार करीब पन्द्रह यात्री घायल हो गये। कुछ घायलों को संडीला भेजा गया और दो घायलों को सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र बेंहदर भेजा गया जहां से डाक्टरों ने दोनों घायलों का इलाज कर घर भेज दिया। कासिमपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मौर्य ने बताया कि इस घटना में करीब पन्द्रह लोग घायल हो गये थे जिसमें से दो लोग अमित 28 पुत्र उमाशंकर मंगू 40 पुत्र मदारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बेंहदर और बाकी लोगों को संडीला हास्पिटल भेज दिया गया।