स्कूल से लौट रही 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म

  • खेत मे ले जाकर वारदात को दिया अंजाम
  • कक्षा 3 की छात्रा है 6 साल की पीड़िता
  • पुलिस ने दर्ज किया महज मारपीट का मामला
  • एएसपी के पास पहुंचा पीड़ित परिवार तब दर्ज हुई दुष्कर्म की रिपोर्ट
  • बालिका के चेहरे पर हैवानियत के निशान, नाखूनों से खरोंचा
  • टड़ियावां कोतवाली इलाके का मामला ।

एक तरफ योगीराज में उत्तरप्रदेश पुलिस बदमाशों के सफाये के लिए ऑपरेशन क्लीन चला रही है वहीं हरदोई में महिलाओं और बालिकाओं पर अपराधों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। महिला अपराध से जुड़ा ताजा मामला फिर सामने आया है जहां एक कामांध युवक ने गांव में एक 6 साल की मासूम को स्कूल से आते समय से उठाकर रेप किया। पुलिस ने मात्र मारपीट का मामला दर्ज किया। जब पीड़िता अपने परिजनों के साथ एएसपी के पास पहुंची तब टड़ियावां पुलिस का ज़मीर जागा और मामला दर्ज कर बालिका का चिकित्सीय परीक्षण कराया।
अपनी माँ के गोद मे सहमी और दुबकी यह 6 साल की मासूम हरदोई के टड़ियावां कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। इसके साथ गांव के ही एक कामांध युवक ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया की जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की थी। दरअसल यह मासूम गांव के ही प्राइमरी स्कूल में कक्षा 3 की छात्रा है और 13 मार्च को जब वह जब अपने स्कूल से वापस आ रही थी तो गांव का ही कल्लू उसको उठा ले गया और घर से कुछ दूर ले जाकर इसके साथ दुष्कर्म किया।
उधर जब देर तक बालिका घर नही पहुंची तो परिजनों ने खोजबीन की। इसी बीच जब शाम हो गयी तो गांव के लोग भी खोजबीन में लग गए।वही बालिका को जब होश आया तो वह चीखी जिसके बाद लोग खेत की तरफ गए तो आरोपी बालिका को छोड़कर भाग निकला। बालिका के चेहरे पर नाखूनों की खरोंचों के निशान देख हर कोई सहम गया। बालिका का पिता गैर प्रांत में रहता है मामले की जानकारी उसको दी गयी तो वह भी आया और पुलिस के पास गया। पुलिस ने महज मारपीट का मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद पीड़िता को लेकर उसके परिजन एएसपी निधि सोनकर के पास आये । एएसपी ने मामले में जब थाना प्रभारी को निर्देशित किया जिसके बाद बालिका के मामले में दुष्कर्म व पास्को एक्ट की कार्यवाही कर बालिका को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। आरोपी युवक अभी भी फरार है।