खाकी वाले ठग ने राम जानकी मंदिर के पुजारी को भी नहीं बख्शा। अर्दली के पद पर नौकरी लगवाने की बात कह कर 50 हजार रूपए ठग लिए। पुजारी को जब ठगी होने का एहसास हुआ तो कोतवाली शहर पहुंचकर ठग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस पूरे मामले की जांच करने में जुटी है ।
कोतवाली शहर के सर्कुलर रोड पर गल्ला मंडी के पास राम जानकी मंदिर है और यहां पर मैथिली शरण शास्त्री पुजारी हैं। उनकी ओर से पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि उनके पास कुछ दिन पहले एक तौफीक नाम का व्यक्ति खाकी वर्दी में आया था । उसने कुछ सरकारी नौकरी की जगह निकलने की बात पुजारी को बतायी । उसके बाद उसने कहा कि अगर नौकरी लगवानी है तो उसे 50 हजार रुपये देने पड़ेंगे। इस पर पुजारी ने हामी भर ली । उसके बाद ठग ने पुजारी को पुलिस लाइन में बुलाकर नौकरी लगवाने के नाम पर 50 हजार रूपए की नकदी ले ली। पुजारी को जब मालूम हुआ कि उनके साथ ठगी हो गई है तो उसकी काफी कुछ तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला । शहर कोतवाल संजय मौर्य के मुताबिक पुजारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है । आरोपी का पता लगाया जा रहा है।