हरदोई– लोनार कोतवाली पुलिस ने एक शातिर ठग को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से तीन अलग-अलग बैंकों की एटीएम 80 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।पुलिस का कहना है कि हरदोई जिले में ठग ने चार स्थानों के साथ रायबरेली में भी ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस ने ठग को जेल दिया है।
जिले में एटीएम कार्ड बदल कर लोगों को हजारों रुपये का चूना लगाने वाली घटनाओं की बाढ़ सी आ गयी थी।करीब एक पखवाड़े में तीन ऐसी घटनाएं हो गयी जिन्होंने जिले की पुलिस के होश उड़ा दिए।एटीएम के शातिर ठगों ने लोगों के एटीएम बदलकर उनके खाते से न सिर्फ रुपये निकाल लिए बल्कि एकाउंट से एकाउंट में ट्रांसफर भी कर दिए।इन घटनाओं का खुलासा पुलिस के लिए सरदर्द बना था वहीं खुलासे के लिए पुलिस ने टीमें भी गठित की थी।
लोनार पुलिस को आखिर सफलता मिल गयी।इसी कोतवाली क्षेत्र के कुड़ियादानपुर निवासी संजय पुत्र राधेश्याम को पुलिस ने सवायजपुर के पास से वृंदावन चौराहे से गिरफ्तार किया और उसके पास से अलग अलग बैंक के तीन एटीएम कार्ड बरामद किए।पुलिस ने उसके पास से 80 हजार रुपये की नगद धनराशि भी बरामद की है।
एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि पूछताछ के दौरान इस ठग ने बताया कि उसने हरदोई जिले में ठग ने चार स्थानों के साथ रायबरेली में भी ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया है।उसके पास से ठगी करके निकाली गई धनराशि बरामद की गई है।एसपी ने बताया कि ठग ऐसे लोगों को अपना शिकार बनाता था जो एटीएम चलाना नही जानते थे।वह उनके खाते से अन्य खातों में रुपये ट्रांसफर कर देता था। ठग युवक को जेल भेजा गया है।