जम्मू-कश्मीर में मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के गठबंधन वाली सरकार में आज फेरबदल कर नये चेहरे शामिल किए गए। भाजपा के वरिष्ठ विधायक और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष कविन्दर गुप्ता तथा अन्य सात विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। श्री गुप्ता को नया उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एन एन वोहरा ने आज जम्मू के अधिवेशन केन्द्र में आयोजित एक समारोह में नये मंत्रियों को शपथ दिलाई।
बीजेपी ने जो नए चेहरे मंत्रिमंडल में लाए हैं। उनमें पार्टी के राज्य प्रधान एवं विधायक सतपाल शर्मा, एमएलए कठुआ राजीव जसरोटिया, सांबा के एमएलए देवेन्द्र कुमार मनियाल शामिल हैं। बीजेपी ने अपने वर्तमान परिवहन राज्यमंत्री को भी काबीना में पदोन्नत किया है जबकि डोडा से बीजेपी के विधायक शक्ति राज ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। मंत्रिमंडल में शामिल पीडीपी के सदस्यों में पुलवामा के विधायक मो. खलील बंद और सोनवर से एमएलए मो अशरद मीर शामिल हैं।