आज देशभर में मनाया गया आयुष्‍मान भारत दिवस

ग्राम स्‍वराज अभियान के तहत आज देशभर में आयुष्‍मान भारत दिवस मनाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित स्‍वास्‍थ्‍य शिविरों में लोगों को आयुष्‍मान भारत योजना के बारे में जानकारी दी गई।

आयुष्‍मान भारत दिवस के अवसर पर देश के सभी पंचायतों में ग्राम सभा का आयोजन किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्‍य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों का स्‍वास्‍थ्‍य बीमा मुहैया कराना है। आयुष्‍मान भारत के त‍हत 10 करोड़ से ज्‍यादा गरीब परिवारों को प्रत्‍येक वर्ष, पांच लाख रूपये का स्‍वास्‍थ्‍य बीमा देने की व्‍यवस्‍था है। इस योजना के मुख्‍य रूप से दो उद्देश्‍य हैं। पहला, समुदायों के नजदीक, व्‍यापक प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य सेवा उपलब्‍ध कराने के लिए, संपूर्ण स्‍वास्‍थ्‍य केंद्रों का जाल बिछाना और दूसरा, देश की 40 प्रतिशत आबादी को स्‍वास्‍थ्‍य बीमा के अंतर्गत लाना है। दीपेन्‍द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।