आज अंतर्राष्‍ट्रीय श्रम दिवस

आज अंतर्राष्‍ट्रीय श्रम दिवस है। विश्‍व भर में आर्थिक और सामाजिक अधिकार प्राप्‍त करने के लिए श्रमिकों के बलिदान को इस दिन श्रद्धांजलि दी जाती है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने इस अवसर पर सभी कामगारों को बधाई दी है। श्री कोविन्द ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में असंख्य मज़दूरों का समर्पण जारी रहेगा और इससे नये भारत की बुनियाद पड़ेगी।

केन्‍द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि देश के श्रमिकों का जीवन स्‍तर सुधारने के लिए नये विचारों के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। नई दिल्‍ली में प्रवासी भारतीय केन्‍द्र में अंतर्राष्‍ट्रीय श्रम दिवस कार्यक्रम में श्री गडकरी ने कहा कि संगठित और असंगठित दोनों क्षेत्र के कामगारों को बेहतर जीवन जीने के लिए आवास, शिक्षा और चिकित्‍सा सुविधाएं मिलनी चाहिए। श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने इस अवसर पर कहा कि उनका मंत्रालय प्रत्‍येक श्रमिक को रोजगार, मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाएं उपलब्‍ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।