लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौंगलपुर के पास हादसा, चालक की झपकी से पिकअप डाला ने चार को रौंदा

           पिहानी कोतवाली में राष्ट्रीय राजमार्ग पर जहानीखेड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र के दौंगलपुर में सड़क किनारे बैठे ग्रामीणों को चालक की झपकी से पिकअप डाले ने रौंद दिया। हादसे में चार ग्रामीण गम्भीर रुप से घायल हो गए हैं। पिकअप से कूद कर भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़ कर बुरी तरह से धुन दिया। पुलिस ने चालक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर सभी घायलों को सीएचसी भेजा तथा पिकअप को कब्जे में ले लिया है।
           गुरुवार की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे दौंगलपुर गांव निवासी अशोक 40 पुत्र सोवरन,  रामरतन 35 पुत्र लक्ष्मण, मुन्नूलाल 55 पुत्र शंकर व अरविंद 35 पुत्र जसकरन लखनऊ-  दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग- 24 के किनारे बैठे थे, तभी रफ्तार की तेजी में अनियंत्रित पिकअप डाले उन्हें रौंदता हुए निकल गया। हादसे में चारों ग्रामीण गम्भीर रूप से घायल हो गए। पिकअप छोड़ कर भागने का प्रयास कर रहे चालक वसीम 23 पुत्र कय्यूम निवासी विजयनगर (गाजियाबाद) को ग्रामीणों ने दौड़ा कर पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी। सूचना पाकर पुलिस ने चालक को छुड़ाया और अलग अलग वाहनों से सीएचसी भेजा।