स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता न होने व अंधविश्वास के चलते गई वृद्धा की जान

*कछौना(हरदोई):* स्वास्थ्य सेवाओं की जागरूकता के अभाव व अंधविश्वास के चलते ग्राम बघौड़ा की एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला की सर्पदंश से मृत्यु हो गई। जिनका परिजनों ने सोमवार को अंतिम संस्कार कर दिया।

विकासखंड कछौना की ग्राम सभा बघौड़ा के श्याम लाल की 70 वर्षीय पत्नी रामकुमारी शनिवार की सांय खेत पर गई थी। जहां पर उन्हें किसी कीड़े ने काट लिया जिसकी जानकारी उन्होंने अपने परिजनों को बताई। परिजन झाड़-फूंक के चक्कर में पड़ गए। कलौली, कमालपुर, बालामऊ में झाड़-फूंक के चक्कर में घूमते रहे। हालत गंभीर होने पर झाड़-फूंक करने वाले ने हाथ खींच लिए। तब उस वृद्ध महिला को परिजन जिला अस्पताल हरदोई ले गये, जहां पर डॉक्टरों ने उसे भर्ती करने से मना कर दिया। इसके बाद परिजनों ने प्राइवेट नर्सिंग होम की शरण ली। जहां पर सोमवार को महिला की मृत्यु हो गई। स्वास्थ्य विभाग की जागरूकता के अभाव में व परिजनों के अंधविश्वास के चलते महिला को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। इस गरीब परिवार को कीमत चुकाने के बाद पश्चाताप हो रहा है।


रिपोर्ट: पी०डी० गुप्ता