कछौना(हरदोई): विद्युत विभाग की घोर लापरवाही के चलते विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत ग्राम तिर्वा ग्रामसभा पश्चिमी देहात के ग्रामीण लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान हैं। ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र कछौना के अवर अभियंता, विभागीय उच्च अधिकारी, जिलाधिकारी व जनसुनवाई के माध्यम से शिकायत की परंतु वही ढाक के तीन पात। कोई सुधार न होने के कारण ग्रामीणों में काफी आक्रोश है जो कभी भी गुस्से के रूप में पावर हाउस के घेराव के रूप में फूट सकता है।
ग्रामीण अशोक कुमार, रईस अहमद, शैलेंद्र कुमार, संदीप, अनिल कुमार ने बताया कि हमारे ग्राम की आबादी लगभग 400 है जिसमें लगभग 35 परिवार कनेक्शन धारक हैं जो नियमित रूप से बिल जमा करते हैं। राजस्व समय से विभाग को उपलब्ध कराने के बाद भी लो-वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इस भीषण गर्मी में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शोपीस बने हैं। घरों में लगे बल्ब चिराग से भी कम रोशनी देते हैं, पंखे सही से न चल पाने के कारण छोटे बच्चों व वृद्धजनों का बुरा हाल है। बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। लो-वोल्टेज समस्या के निराकरण के लिए दर्जनों बार उच्च अधिकारियों से शिकायतें की गईं परंतु समस्या का निराकरण अभी तक नहीं हो सका। ग्राम की समस्या के विषय में अधिशासी अभियंता ने बताया कि इस ग्राम में अतिरिक्त परिवर्तन की स्थापना का कार्य हेतु शासन को पत्र लिख दिया गया है। वित्तीय स्वीकृति होने पर कार्य करा दिया जाएगा लेकिन ग्रामीणों में विभागीय लापरवाही को लेकर काफी आक्रोश है जो कभी भी धरना प्रदर्शन के रूप में फूट सकता है।
रिपोर्ट- पी. डी. गुप्ता