समुद्री और हवाई मार्गों को युद्ध और तनावों से मुक्‍त रखा जाए : प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अंतर्राष्‍ट्रीय समुदाय से समुद्री और हवाई मार्गों को युद्ध और तनावों से मुक्‍त रखने की अपील की है। सिंगापुर में शंग्रीला वार्ता में अपने प्रमुख सम्‍बोधन में श्री मोदी ने कहा कि सभी देशों को अपने विवादों को अलग रखकर एक-दूसरे के हितों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए, ताकि क्षेत्र में शांति और सद्भाव बना रहे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नौवहन की स्‍वतंत्रता, अंतर्राष्‍ट्रीय नियमों के अनुसार विवादों के शांतिपूर्ण समाधान, समुद्री अपराधों की रोकथाम और समुद्री व्‍यापार के संरक्षण से सभी देशों को लाभ होगा। उन्‍होंने जोर देकर कहा कि भारत संप्रभुता और परस्‍पर सम्‍मान के आधार पर सभी देशों के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।