पाकिस्‍तान की भारी गोलाबारी में बीएसएफ- के दो जवान शहीद हो गये और 16 लोग घायल

जम्‍मू-कश्‍मीर के जम्‍मू में अंतरराष्‍ट्रीय सीमा पर परगवाल और कानाचक क्षेत्र में कल पाकिस्‍तान की ओर से हुई भारी गोलाबारी में सीमा सुरक्षा बल बीएसएफ- के दो जवान शहीद हो गये और 16 लोग घायल हो गये। घायलों में एक पुलिसकर्मी और बीएसएफ का एक जवान भी शामिल है। यह गोलाबारी पाकिस्‍तानी रेंजर्स ने की ।

बीएसएफ के सूत्रों ने बताया कि पाकिस्‍तान की ओर से कल रात करीब दो बजे बीएसएफ की एक चौकी को निशाना बनाकर बिना किसी उकसावे के गोलाबारी की गई। बीएसएफ जवानों ने तत्‍काल जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से यह गोलाबारी दोपहर तक जारी थी। कुछ घंटों की शांति‍ के बाद पाकिस्‍तानी रेंजर्स ने अंतरराष्‍ट्रीय सीमा पर परगवाल क्षेत्र में शाम से फिर भारी गोलाबारी शुरू कर दी है। इस बीच, बीएसएफ फ्रंटियर के जम्‍मू मुख्‍यालय में बीएसएफ के शहीद जवान सहायक उपनिरीक्षक एस.एन. यादव और हेड कास्‍टेबल वी.के. पांडे को एक समारोह में पुष्‍पाजंलि अर्पित की गई। बाद में शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्‍कार के लिए उत्‍तर प्रदेश में उनके पैतृक गांवों में भेज दिया गया।