उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा द्वारा माता सीता को लेकर दिये गये बयान पर क्रांतिकारी जनसंघर्ष मोर्चा ने किया विरोध प्रदर्शन

 

(लखनऊ-हरदोई) –  उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा द्वारा माता सीता को एक कार्यक्रम के दौरान टेस्ट ट्यूब बेबी कहे जाने वाले बयान को लेकर क्रांतिकारी जनसंघर्ष मोर्चा,उत्तर प्रदेश द्वारा लखनऊ में सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया गया । संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए भाजपा मुर्दाबाद और दिनेश शर्मा मुर्दाबाद के नारे लगाये । क्रांतिकारी जनसंघर्ष मोर्चा के सदस्यों ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार से उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की है ।

रविवार दिनांक 03 जून को क्रांतिकारी जनसंघर्ष मोर्चा की लखनऊ महानगर इकाई की बैठक आशियाना के सेक्टर-एच में फीनिक्स माल के पास स्थित शीतला माता मंदिर में आयोजित की गई, जिसमें वैदिक हिन्दू संस्कृति की सुरक्षा और संवर्धन के साथ संगठन के विस्तार को लेकर विचार विमर्श किया गया । समाज में फैले जातिवाद को समाप्त करके हिन्दू समाज को एकजुट करने और हिन्दुत्व को सशक्त करने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया । लगभग तीन घंटे चली क्रांतिकारी जनसंघर्ष मोर्चा की इस बैठक को लगभग सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संबोधित किया । लखनऊ महानगर ईकाई के उपाध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी लगन के साथ हिन्दू विचारधारा को प्रसारित करना चाहिए। आज हिन्दू समाज को विभिन्न जातियों में न बटकर एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए । राजाजीपुरम् परिक्षेत्र के संगठन प्रभारी कृष्णा यादव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हिन्दुओं की घटती जनसंख्या हमारे हिन्दू समाज के लिए चिंता का विषय है,हम दिन प्रतिदिन घट रहें हैं और दूसरे लोग हिन्दुस्तान पर कब्जा करने के उद्देश्य से अपनी जनसंख्या दिनोंदिन बढ़ा रहें हैं । सरकार भी जनसंख्या नियंत्रण की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है । यदि ऐसा चलता रहा तो भारत में फिर से दूसरा पाकिस्तान बन जाएगा इसीलिए हिन्दू भाइयों जागो !
क्रांतिकारी जनसंघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव व्योमेश बाजपेयी ने संगठन के सभी सदस्यों से सदस्यता अभियान पर विशेष ध्यान देने की बात कही । उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता का नैतिक दायित्व बनता है कि वह पूरी मेहनत और लगन से संगठन को मजबूत करे । संगठन को गांव-गांव, गली-गली पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का लक्ष्य होना चाहिए ।
कार्यक्रम के आयोजक ऋषभ शुक्ला प्रदेश ने उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा द्वारा माता सीता को लेकर दिये गये टेस्ट ट्यूब बेबी वाले प्रकरण को उठाया । ऋषभ शुक्ला ने कहा कल तक जो रामराज्य लाने की बात कर रहे थे, आज वही लोग माता सीता का खुलेआम अपमान कर रहें हैं । हिन्दू समाज ही सबको कमजोर लगता है जो चाहे कभी भगवान कृष्ण के बारे में,कभी भगवान राम के बारे में जो मन मे आता है उलूल-जुलूल बोल देता है । हिन्दू समाज अब किसी भी कीमत पर देवी देवताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा । ऐसा दुस्साहस करने वालेे को इसकी कीमत चुकानी पड़ सकती है ।
इसी प्रकरण को लेकर सारे कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और नारेबाजी करने लगे ।

संगठन के अध्यक्ष विवेक शुक्ला उज्ज्वल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर हिन्दू समाज को धोखा देने का आरोप लगाया । उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने चार साल में सिर्फ हिन्दू समाज से झूठ बोलने का काम किया । आज सरकार के चार साल पूरे होने पर जश्न मना रहें हैं आखिर यह किस बात का जश्न है ? धारा 370 हटाने का वादा किया वह पूरा नहीं हुआ, विदेशों में जमा काला धन 100 दिन के भीतर ला रहे थे, चार साल पूरे हो गये नहीं आया । महंगाई को मुद्दा बनाकर सत्ता में आई सरकार आज डीजल पेट्रोल के दामों से परेशान किसानों की परिस्थितियों से अनजान हैं । युवा बेरोजगार घूम रहा है जबकि प्रत्येक वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था । समान नागरिक संहिता कानून का वादा किया गया था वह भी पूरा नहीं कर सके । भगवान राम के नाम पर सरकार बनाने वाले आज हिन्दू समाज के योगदान को भूलकर सबका साथ-सबका विकास का राग अलाप रहे हैं ।अयोध्या में मन्दिर बनाना तो दूर की बात है रामराज्य लाने की बात करने वाले स्वयं माता सीता का खुलेआम अपमान कर रहें हैं ।जनता भाजपा और आदरणीय प्रधानमंत्री जी की सच्चाई जान चुकी है । अब हम और बर्दाश्त नहीं करेंगे । अगर जल्द हिन्दू समाज के हित में फैसले न हुए तो आने वाले चुनाव में हिन्दू समाज आपको आजीवन वनवास के लिए भेज देगा ।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुई । उसके बाद पदाधिकारियों का स्वागत किया गया । कार्यक्रम में प्रशांत पटेल, अभिमन्यु प्रताप, किशन मिश्रा, शिवकुमार चौधरी, बाला यादव, सतीश सिंह, रामजी मिश्रा, मोहित सिंह, प्रशांत दीक्षित इत्यादि सैकड़ों लोग उपस्थित रहे । कार्यक्रम का संचालन मोहित सिंह ने जबकि अध्यक्षता मनोज श्रीवास्तव ने की ।