हरदोई– जिले में वाहन चोरों की टोह लगाने में जुटी पुलिस
को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने लखनऊ रोड पर बाबा ढाबा के पास से चार शातिरों को गिरफ्तार कर चोरी के आधा दर्जन चौपहिया वाहन और एक बाइक बरामद की है।
को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने लखनऊ रोड पर बाबा ढाबा के पास से चार शातिरों को गिरफ्तार कर चोरी के आधा दर्जन चौपहिया वाहन और एक बाइक बरामद की है।पकड़े गए शातिरों के तार आसपास के जनपदों से जुड़े हैं। शातिर वाहनों को चोरी करने के बाद गैर जनपद में बेचकर उन्हें कटवा देते थे। एएसपी ज्ञानंजय सिंह ने सोमवार को वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एसपी विपिन मिश्रा ने उनकी अगुवाई में एक टीम गठित की थी। इसमें स्वाट टीम को भी लगाया गया था। उन्होंने बताया कि शहर के गल्ला मंडी के पास से तीन महीने पहले एक संस्था की गाड़ी चोरी हुई थी। पुलिस टीम इसी मामले में गहराई से तफ्तीश कर रही थी। टीम को सटीक सूचना मिली कि लखनऊ रोड पर लालपालपुर के पास बाबा ढाबा के पास चार संदिग्ध व्यक्ति खड़े हैं, जो वाहन चोरी की फिराक में हैं। इस सूचना पर लालपालपुर चौकी इंजार्च राहुल सिंह और स्वाट प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर चारों संदिग्धों से कड़ाई के साथ पूछताछ की।
पुलिस टीम ने सर्विलांस टीम की भी मदद ली। पूछताछ में चारों ने संस्था की गाड़ी चोरी करने की बात कबूली। इसके बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सीतापुर जनपद के लहरपुर में छापा मारा, जहां पर कबाड़ी शबी उल हक की दुकान से गाड़ी बरामद की गई। इसके बाद एक लग्जरी गाड़ी समेत आधा दर्जन चौपहिया वाहन बरामद किए गए। चोरों के कब्जे से एक लाख 29 हजार 600 रुपए के साथ पांच मोबाइल बरामद किए, जिनमें एक टूटा था।
पुलिस टीम ने खुलासा किया कि सीतापुर जनपद के लहरपुर कस्बे में जिस कबाड़ी के यहां से वाहन बरामद किए गए हैं, वहां पर चोरी के वाहन काटकर उनके पार्ट्स बेचे जाते थे। यह भी जानकारी मिली है कि यहां यह धंधा लम्बे समय से चल रहा था।एटा जनपद के सकरौली थाना क्षेत्र के बालगढ़ी निवासी उपेन्द्र प्रताप सिंह, इसी जनपद के रिजौर थाना क्षेत्र के पर्तापुर निवासी भूपेन्द्र सिंह, इसी गांव के जितेंद्र प्रताप सिंह उर्फ जीतू, सीतापुर जनपद के लहरपुर क्षेत्र के मंगोलपुर निवासी शबी उल हक को गिरफ्तार किया गया है। शबी उल हक कबाड़ी का काम करता है।
पुलिस टीम के मुताबिक पकड़े गए चोर हरदोई के साथ सीतापुर, एटा जनपद में भी चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। इनका अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। हालांकि खुलासा किए जाने तक इन चोरों का अपराधिक इतिहास नहीं मिल पाया है। खुलासे में शामिल रही टीम में सर्विलांस सेल प्रभारी निरीक्षक आलोक सिंह, स्वाॅट टीम प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह, कोतवाली शहर की टीम में एसएसआई घनश्याम शुक्ला व उपनिरीक्षक राहुल सिंह व अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।