हरदोई- पाली थाना क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर हाइवे पर खमरिया गांव के पास एक ढाबा पर ट्रक के नीचे सो रहे चालक का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
पंजाब प्रांत के जिला मोधा के थाना मैना के गांव कोकरीकला निवासी देवेंद्र सिंह (56) पुत्र बिंदर ट्रक चलाता था। बंगाल से दो ट्रक लोहा लेकर हिमाचल के लिए निकले थे, जिसमें एक ट्रक देवेंद्र सिंह चला रहा था। बताया जा रहा है देवेंद्र सिंह का पुत्र भी साथ निकला था, जो कि रास्ते में कहीं उतर गया। रविवार शाम दोनों ट्रक थाना क्षेत्र के गांव खमरिया के पास कृष्णा ढाबा के पास रुके। देवेंद्र अपने ट्रक व दूसरे ट्रक के चालक व हेल्पर दूसरे ट्रक के नीचे आराम करने के लिए लेट गए। देर शाम होने पर जब दूसरे ट्रक के चालक व हेल्पर उठने के बाद देवेंद्र सिंह को जगाने गए तो देखा कि वह हमेशा के लिए सो चुका था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने रात को शव अपने कब्जे में ले लिया और काफी मशक्कत के बाद मृतक चालक के घर पर घटना की सूचना दी। परिजन शव को लेने के लिए पंजाब से निकल चुके थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। चालक की मृत्यु किस कारण से हुई यह अभी पता नहीं चल पाया है।