मल्लावां में महिला और सांडी में युवक की हत्या 

         हरदोई– उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में भले ही पुलिस एनकाउंटर करके अपनी पीठ थपथपा रही हो । लेकिन आये दिन बलात्कार, चोरी और हत्याओं की वारदात से पूरा जिला क्षुब्ध है। शुक्रवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। घटनाओं की सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय थानों की पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मुकदमा पंजीकृत मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजे जायेंगे।
         हत्या की पहली वारदात मल्लावां थाना क्षेत्र की है। यहां के बेरिया नजीरपुर गांव में रहने वाली सुमन देवी (40) का शव घर के बाहर पड़ा मिला। उसके मुंह में कपड़ा भी ठूंसा गया था। पुलिस के मुताबिक सुमन के पति चंद्रप्रकाश सिंह की पहले ही मौत हो चुकी थी। सुमन करीब 10 साल पहले बिहार से लाई गई थी। उनके कोई औलाद भी नहीं है । सुमन के पड़ोस में उनके जेठ का मकान है और वहीं पड़ोस में ही नाई अमित का घर है।  पूछताछ में पता चला कि गुरुवार की रात सुमन खाना खाकर घर के बाहर चारपाई पर लेटी हुयी थी। उनके पड़ोस में ही उनका बटाईदार लेटा हुआ था।
           शुक्रवार सुबह जब सभी सोकर उठ गए और सुमन नहीं उठी ये देख पड़ोसी उसके पास गए तो सुमन के मुंह में कपड़ा भरा हुआ था। पुलिस को आशंका है कि सुमन की सोते समय मुंह दबाकर हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि महिला के पास साढ़े चार बीघा जमीन है और हो सकता है कि जमीन के लालच में किसी करीबी ने हत्या की घटना को अंजाम दिया हो। फिलहाल मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस शक के आधार पर परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
           हत्या की दूसरी वारदात सांडी थाना क्षेत्र की है। यहां राधेश्याम का शव गाँव के बाहर झाड़ियों में पड़ा पाया गया तो सनसनी फैल गयी। घटना की जानकारी पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना पाकर थानाध्यक्ष अरुणेश गुप्ता पुलिस टीम के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। बताया जाता है कि युवक के सिर पर चोटों के निशान थे जिससे अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि उसकी पीट कर हत्या की गई है।
         पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक की पत्नी छोटी बिटिया निवासी ग्राम ककेड़ी थाना सांडी जनपद हरदोई ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पति राधेश्याम कुशवाहा (40) पुत्र शिवराम की हत्या गांव के ही गुड्डू पुत्र विष्णु रैदास ने गुरुवार की रात की है। आरोप है कि पति की हत्या रात में गला दबाकर तथा सिर पर प्रहार करके कर दी गयी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर पंजीकृत कर कार्यवाही शुरू कर दी है। एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि दोनों ही घटनाओं की एफआईआर दर्ज कर हत्याओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही मामलों का खुलासा करके अपराधियों को जेल भेजा जाएगा। बहरहाल एक साथ दो हत्याओं से सनसनी है।