कछौना/बघौली (हरदोई ): थाना क्षेत्र बघौली के अंतर्गत ग्रामसभा महरी में रिश्तेदारी में आए पिता मुन्नालाल कच्ची दीवार गिरने से घायल हो गये तथा साथ में उसकी पुत्री की उसी गिरी दीवार के नीचे दबने दर्दनाक मौत हो गई। पिता की हालत गंभीर होने से उसे हरदोई जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ग्रामीण क्षेत्र में कच्चे मकानों के गिरने का सिलसिला लगातार जारी है पर इसके परे प्रशासनिक स्तर से ग्रामीण क्षेत्र में इस तरफ कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है, न ही शासन-प्रशासन की तरफ से ऐसे कच्चे घरों को चिन्हित किया जा रहा है जो इस बारिश में गिरने की स्थिति में पहुँच गये हों। जिसके चलते इन अनहोनी घटनाओं में लगातार इजाफा होता जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिगरिया दुबग्गा जिला लखनऊ के मुन्ना लाल उम्र 50 वर्ष अपनी छोटी पुत्री लक्ष्मी उम्र 9 वर्ष के साथ अपनी पुत्री कोमल पत्नी राजेश कुमार के यहां सावन माह में पारंपरिक उपहार देने आए थे। रविवार की सुबह परिवारजनों के साथ घर के बाहर बैठे थे। तभी सुबह 9:30 बजे कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। जिसमें पिता व पुत्री दब गये। चीख पुकार से ग्रामीणों ने मौके पर एकत्र होकर मलबा हटाया। ग्रामीणों ने इमरजेंसी सेवा के लिए 108 पर कॉल की परंतु काफी प्रयास के बाद भी मौके पर 108 नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों निजी साधन से पिता-पुत्री को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना पर ले आए। समय से इलाज के अभाव में मासूम लड़की लक्ष्मी ने दम तोड़ दिया। मुन्ना लाल की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पर गरीब परिजनों को 108 का लाभ नहीं मिल सका। जिला अस्पताल पर मुन्ना लाल का इलाज चल रहा है। गरीबी व सावधानी के अभाव में मासूम लड़की को अपने जीवन से हाथ धोना पड़ा। परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा, परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। गरीब होना सबसे बड़ी सजा है। जिसकी कीमत मासूम को अपने जीवन से हाथ धोकर चुकाना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचना मुनासिब नहीं समझा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया है।
रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता