अलंकरण समारोह और कवि गोष्ठी का हुआ आयोजन

उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान में पं. गगन लाल जी की 109वीं जयंती पर भव्य समारोह, पद्मश्री डॉ. विद्याबिन्दु सिंह रहे मुख्य अतिथि

लखनऊ: उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान, लखनऊ के निराला सभागार में मंगलवार को प्रख्यात साहित्यकार पं. गगन लाल जी की 109वीं जयंती के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री डॉ. विद्याबिन्दु सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार राहुल देव उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

दीप प्रज्वलन के पश्चात आमंत्रित प्रख्यात कवियों ने अपनी ओजस्वी एवं मर्मस्पर्शी कविताओं का पाठ किया। कवियों की रचनाओं ने सभागार में उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। साहित्य प्रेमियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कवियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के सुविख्यात कवियों को साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘पं. गंगा रतन पांडेय सम्मान’ से अलंकृत किया गया।

मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. विद्याबिन्दु सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पं. गगन लाल जी का साहित्य समाज को नई दिशा देता है। उनकी रचनाएँ आज भी प्रासंगिक हैं और युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।

विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार राहुल देव ने कहा कि ऐसे आयोजन हिन्दी भाषा और साहित्य को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने संस्थान के प्रयासों की सराहना की। समारोह में नगर के गण्यमान्य नागरिक, साहित्यकार एवं बड़ी संख्या में हिन्दी प्रेमी उपस्थित रहे।