टड़ियावां/हरदोई- शनिवार की सुबह अपनी मौसी के घर आई किशोरी की शौच से वापस घर आते समय हाईटेंशन लाइन के करन्ट की चपेट में आकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।सूचना पर पहुँची पुलिस ने घटना का जायजा लिया।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका सोनेश्री 16 पुत्री स्व.सुरेश निवासी बेलहैया थाना पिसावां जिला सीतापुर चार दिन पूर्व अपनी मौसी लक्ष्मी पत्नी मनफूल निवासी एकघरा मजरा सडिला के साथ उसके घर आई थी।शनिवार की सुबह परिवार की ही नेहा एवं मोहनी के साथ गाँव से बाहर शौच के लिए गई थी।शौच के बाद वापस घर जाते समय खेत मे लगे कटीले तारों में सलवार फंस जाने पर छुड़ाने के लिए जैसे ही उसने तार को छुआ तार में आ रहे 11000 मेन लाइन के करन्ट की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही जल कर मौत हो गई।क्योंकि लगभग घटना स्थल से लगभग 200 मीटर की दूरी पर मेन लाइन का तार टूट कर खेत में लगे तार पर पड़ा हुआ था। जिसे वह जान नहीं पाई। वहीं बचाने दौड़ी नेहा को करन्ट लगने से वह दूर जा गिरी जो बाल बाल बच गई। मोहनी ने दौड़कर घटना की सूचना घर मे दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुँचे। वहीं नेहा का भाई विनोद भी बचाने के प्रयास में बाल बाल बच गया।
ग्रामीणों द्वारा उपकेंद्र इटौली को घटना की सूचना देकर सप्लाई रुकवाई गई।वहीं सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अशोक कुमार एवं उपनिरीक्षक दिलीप त्रिपाठी ने मौके पर पहुँचकर घटना का जायजा लिया।पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।मृतका पाँच भाई बहनों में दूसरे नम्बर पर थी।वहीं तीन वर्ष पूर्व उसके पिता की मौत हो चुकी है।वह अपने नाना भिम्मा निवासी शहजाद नगर गोपामऊ के पास रहती थी।