प्रधानमंत्री आवास चयन एवं आबंटन में शिकायत प्राप्त होने पर कड़ी कार्यवाही की जायेगीः- खरे

हरदोई- ब्लाक भरावन की ग्राम पंचायत हाजीपुर में वित्तीय वर्ष 2018-19 में प्रधानमंत्री आवास आपात्रों को आवंटन करने की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी पुलकित खरे द्वारा आवास आवंटन अनियमितता की जांच डीसी एनआरएलएम विपिन कुमार चैधरी व डीसी मनरेगा प्रमोद सिंह चन्द्रौल से कराई गयी। जांच में मनोरमा पत्नी मूलचंद, उषा पत्नी अनिल कुमार, विमला पत्नी रामशंकर आपात्र को आवास आवंटित मिले।
इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने पीडी को निर्देश दिये कि जिन अपात्रों को आवास आवंटित हुए है और उन्हें प्रथम किस्त भेजी गयी है उनसे उक्त धनराशि की वसूली करें। जिलाधिकारी ने आवास चयन के उत्तरदायी ग्राम पंचायत अधिकारी राजनारायण सिंह को निलम्बित करते हुए विभागीय कार्यवाही एवं शिथिल पर्यवेक्षण हेतु उत्तरदायी खण्ड विकास अधिकारी भरावन को नोटिस जारी करते हुए अग्रिम कार्यवाही के निर्देश दिये है। श्री खरे ने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रधानमंत्री आवास चयन एवं आवंटन में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी।