मंगल कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ

         हरदोई- पिहानी के ग्राम बखरिया में 51 कुंडीय गायत्री-महायज्ञ की शुरुआत विशाल मंगल-कलश यात्रा के साथ हुई। गायत्री तपोवन हरिद्वार से आये शक्तिकलश का पूजन वैदिक रीति व मंत्रोंच्चारण के साथ प्रज्ञापीठ पिहानी पर कलश-पूजन बखरिया प्रधान प्रतिनिधि गोपाल सिंह ने किया। तदोपरांत मंगल कलश यात्रा प्रारंभ हुई।
        प्रज्ञापीठ से शुरू होकर नगर पालिका रोड, बन्दर पार्क, बस स्टैंड, जूनियर रोड, कटरा बाजार, रौजा गेट, डाकखाना रोड़, मोहल्ला मिश्राना होते हुए गोपामऊ चुंगी पहुंची। यहां से कलश-यात्रा ग्राम बखरिया के लिए रवाना हुई। विशिष्ट अतिथि काकुल जैदी ने मंगल-कलश को सिर पर धारण कर यात्रा शुरू की। जहां पहुंचकर कलश-यात्रा का स्वागत हुआ एवं कलश का विभिन्न जगहों पर पूजन हुआ। इस बीच पूजन हरिद्वार से आई श्यामवीर सिंह की टोली ने कराया और मंच-संचालन अतुल कपूर ने किया। कलश यात्रा में राम, सीता, लक्ष्मण, शिव-पार्वती, नृसिंह भगवान की सजीव झाकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। महिलाओं ने मंगल-गीत भी गाये। प्रज्ञा-मंडल बखरिया के यज्ञ-स्थल पर पहुंचने के बाद सिर पर कलश को धारण किये हुए महिलाओं की मुख्य अतिथि एवं सेवानिवृत्त अपर सदस्य रेलवे बोर्ड के.एल. पांडेय ने सामूहिक रूप से आरती की। इस दौरान देशराज, आशू ब्याला, रजनीकांत त्रिपाठी, नवनीत कुमार, राकेश त्रिवेदी, प्रदीप राठौर, अनिल, सुनील, संजय सिंह आदि ने व्यवस्थाएं संभालीं। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने भी मुस्तैद रहकर व्यवस्था में सहयोग किया।