माइनर की पटरी कटने से किसानों की फसल हुई जलमग्न, किसानों में नहर विभाग के अधिकारियों के प्रति आक्रोश


कछौना (हरदोई): विकासखंड कछौना के अंतर्गत गाजू माइनर में गुरुवार की रात खांदी कटने से किसानों की फसल जलमग्न हो गई। संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। जिसको लेकर किसानों में काफी आक्रोश है। किसानों ने बताया कि गाजू माइनर की अच्छी तरह से सिल्ट की सफाई नहीं की गई, वहीं ग्रामसभा लोन्हारा के ग्राम कंथा मार्ग पर माइनर की पुलिया पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। जिसे विभाग द्वारा ठीक न कराए जाने के कारण पानी आगे नहीं जा पाता है। वहीं आगे के किसानों को सिंचाई का लाभ नहीं मिल पाता है। पुलिया ठीक कराने के लिए किसानों ने दर्जनों बार विभाग को अवगत कराया परंतु समस्या का निराकरण न होने के कारण ओवरफ्लो के कारण किसानों की फसल जलमग्न हो जाती हैं। इसी के चलते बीती रात ग्राम गोहरइया के दर्जनों किसानों की फसल जलमग्न हो गई। किसान परमेश्वर दयाल, श्रीराम, रामस्वरूप, राजकुमार, संतोष ने अवर अभियंता जल प्रबंधन शारदा नहर के दूरभाष पर अवगत कराया परन्तु उन्होंने मौके पर पहुंचना मुनासिब नहीं समझा। जिसका खामियाजा आए दिन किसानों को उठाना पड़ रहा है।

रिपोर्ट- पी०डी० गुप्ता