हरदोई- पाकिस्तान में भारतीय वायु सेना के द्वारा की गई आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई से जिले भर में जश्न का माहौल है । जगह-जगह लोगों में उत्साह देखा गया । कई जगह लोगों ने खुशी जताते हुए आतिशबाजी की और एक दूसरे को मिठाईयां खिलाईं । इसके साथ तिरंगा यात्रा निकालकर भारतीय सेना के शौर्य को सराहा ।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हरदोई के कार्यकर्ताओं ने भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में घुसकर बदला लेने पर हर्ष व्यक्त करते हुए महात्मा गांधी मार्ग स्थित परिषद कार्यालय से यात्रा प्रारम्भ की । नगर के प्रमुख चौराहों पर भारत माता की जय जयकार करते हुए सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र में पहुंच कर सभी सैनिकों को बधाई दी । साथ ही साथ उनकी वीरता को प्रणाम करते हुए उनका मुँह मीठा कराया। इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व जिलासंयोजक आलोक मिश्र ‘गुरूजी’ ने कहा कि “जो हमको बालक कहता है यह उसकी नादानी है । यह है भारत देश यहां का हर बच्चा सेनानी है।।”
इस अवसर पर श्री मिश्र ने बताया कि भारत, पाकिस्तान के लिए बहुत ही अच्छा पड़ोसी से देश है । मित्रता और शत्रुता के दोनों पहलुओं पर निर्णय पाकिस्तान को करना है कि वह मित्र बनकर रहेगा या शत्रु । हम हर मामले में वफादार हैं । दोस्त पर हम जान देते हैं और दुश्मन की हम जान लेते हैं।
इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री विपिन ने बताया कि भारत शांति प्रिय देश है । यदि भारत की शांति कोई भंग करने का प्रयास करेगा तो हम उसको नेस्तनाबूद कर देंगे। पुलवामा के कायराना हमले के बाद बीती रात हमारी सेना ने इसे सच कर दिखाया है । सह जिला प्रमुख राहुल सिंह ने बताया कि पाकिस्तान को अब आतंकवाद का रास्ता छोड़ कर शान्ति का मार्ग अपनाना चाहिए और हमारा कश्मीर हमें सौंप देना चाहिए । विभाग आयाम कार्य प्रमुख अमन मिश्र ने बताया कि हमें अपनी सेना एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर गर्व है । उन्होंने कायराना हमले का बदला लेकर अपनी कथनी और करनी को एक साबित किया है।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ऋषभ कात्यायन, प्रियांशु द्विवेदी, सौरभ शुक्ला, अखिलेश शुक्ला, नगर सहमंत्री सचिन प्रजापति, शोभित अग्निहोत्री, विश्वनाथ सिंह, मीडिया प्रभारी अश्विनी गुप्ता, रवि, राजीव, आशीष, अखिल आदि दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।