हरदोई- एक शराबी के शराब पीने का जब पत्नी ने विरोध किया तो उसने उस पर जानलेवा हमला कर दिया । हैवानियत की हद तो तब हो गयी जब शराबी ने पत्नी की दो अंगुलियां काट दीं । बेटी को बचाने दौड़ी महिला की माँ को भी शराबी ने नहीं छोड़ा और उस पर हमला कर उसे भी घायल कर दिया । दोनों को घायल अवस्था मे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शराबी पति का हैरान कर देने वाला यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर का है। यहां की रहने वाली नीलम अपने मायके अमेठिया थाना टड़ियावां में थी। वह दो दिन पहले ही अपने मायके गयी थी। बताया जाता है कि वहीं पर उसका पति अनिल निवासी शहाबुद्दीनपुर भी पहुंच गया। जैसा कि नीलम का कहना है कि उसका पति शराब के नशे में धुत था। जब उसने उसको देखा तो समझाया और शराब पीने से मना किया।
इसी को लेकर विवाद हुआ तो अनिल ने अपनी पत्नी नीलम के ऊपर बांके से जानलेवा हमला कर दिया और उसके दाएं हाँथ की दो अंगुली काट दी। पुत्री की हालत देखकर उसको बचाने उसकी माँ राजरानी पत्नी रामसहाय गयी तो उसे भी शराबी ने नही छोड़ा। दोनों को गम्भीर हालात में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि अभी मामले की तहरीर पुलिस को नहीं दी गयी है।