पशुपालन विभाग के द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर का हुआ आयोजन

दीपक कुमार श्रीवास्तव-

कछौना (हरदोई) : पशुपालन विभाग द्वारा विकासखंड कछौना के ग्राम गौहानी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आए हुए पशुपालकों व ग्रामीणों को पशु चिकित्सधिकारियो द्वारा पशुओं की बीमारियों से बचाव और देखभाल की जानकारी देते हुए, बड़ी संख्या में पशुओं का उपचार भी किया गया।

पशु पालन विभाग द्वारा शनिवार को ब्लॉक कछौना के ग्राम गौहानी में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला प्रतिनिधि ब्रह्म कुमार सिंह, गौ रक्षक दल के जिलाध्यक्ष आशुतोष मिश्रा उर्फ राहुल व नगर पंचायत कछौना पतसेनी के सभासद धर्मेंद्र सिंह ने फीता काटकर और तत्पश्चात विधि-विधान पूर्वक गौ पूजन के साथ किया। विकासखंड कछौना के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार यादव ने मेले में आए पशुपालकों व ग्रामीणों को पशुओं में होने वाली घातक बीमारियों जैसे खुरपका, मुंहपका, गलाघोटू, थनैली आदि के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए रोकथाम के विषय में जानकारी दी। उनसे बचाव के लिए टीकाकरण के महत्व को बताया तथा पशुओं में इन बीमारियों के किसी भी लक्षण को देखने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

डॉ रमेश सिंह यादव ने पशुपालकों व ग्रामीणों को गाय के पौराणिक व चिकित्सकीय महत्व को बताते हुए उन्हें मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अंतर्गत आस्थाई गौ-आश्रय स्थल से गोवंश गोद लेने हेतु प्रेरित भी किया। वहीं पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रामेन्द्र सिंह ने कहा कि मौसम के बदलने से पशुओं के लिए ठंड से समस्या हो रही है। पशुओं के नीचे पुआल डालकर पशुओं को सबसे पहले ठंड से बचाएं। पशुओं को किसी प्रकार की तकलीफ होने पर पशु चिकित्सक से बिना देर किए तत्काल संपर्क करें। शिविर में 250 से अधिक पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए उनका उपचार किया गया। इस दौरान कैल्शियम, कृमिनाशक और उपचार से संबंधित अन्य दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं। इस अवसर पर अतिथिगण व चिकित्साधिकारियो के साथ ग्राम प्रधान, पशु प्रसार अधिकारी हरिपाल सिंह, चंद्रभान सिंह, मुन्नीलाल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालक व ग्रामीण बड़ी तादात में मौजूद रहे।