बदायूँ: जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त ने निर्देश दिए कि राजस्व वसूली का वार्षिक लक्ष्य प्रत्येक दशा में पूर्ण किया जाए। लक्ष्य से कम वसूली करने वाले अधिकारियों के साथ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु पुनिया सहित अन्य अधिकारियों के साथ कर-करेत्तर एवं राजस्व वसूली की समीक्षा की। उन्होंने पाया कि वाणिज्यकर विभाग द्वारा वार्षिक लक्ष्य 5046.28 लाख रुपए के सापेक्ष 4632.26 लाख रुपए, स्टाम्प रजिस्ट्रेशन ने 12495.87 लाख रुपए के सापेक्ष 10050.05 लाख रुपए, परिवहन कर में 5105.42 लाख रुपए के सापेक्ष 4507.21 लाख रुपए, आबकारी विभाग ने 35440 लाख रुपए के सापेक्ष 25933.56 लाख रुपए, वन विभाग ने 85 लाख रुपए के सापेक्ष 82.27 लाख रुपए एवं खनन विभाग ने 2000 लाख रुपए के सापेक्ष मात्र 439.32 लाख रुपए की ही राजस्व वसूली की है। वसूली कम होने पर डीएम ने खनन विभाग के सम्बंधित अधिकारी का जवाब तलब करने के निर्देश दिए हैं। विद्युत विभाग अन्तर्गत अधिशासी अभियन्ता बिसौली की राजस्व वसूली कम पाए जाने पर जवाब तलब करने के साथ ही वेतन आहरण पर रोक लगा दी है।
नगर पालिका परिषद बिसौली, नगर पंचायत वज़ीरगंज, मुड़िया, रुदायन तथा इस्लामनगर में हाउस एवं वाटर टैक्स की राजस्व वसूली में वित्तीय वर्ष के अन्तिम किनारे तक कोई भी राजस्व वसूली न होने पर डीएम ने कड़ी नाराज़गी जताई और इन निकायों के अधिशासी अधिकारियों तथा सम्बंधित लिपिकों के वेतन आहरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।