दीपक कुमार श्रीवास्तव-
कछौना (हरदोई): लॉकडाउन के दौरान बुधवार-गुरुवार रात लखनऊ-हरदोई राजमार्ग स्थित शरीफ ढाबा के पास पुलिस जीप और अज्ञात वाहन में भिड़ंत हो गई। जिसमें कोतवाली कछौना के एक दरोगा सहित दो पुलिस आरक्षी घायल हो गए।
प्रभारी निरीक्षक कछौना द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार रात्रि 1 बजे पुलिस जीप की कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ हरदोई-राजमार्ग पर स्थित शरीफ ढाबा के पास किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई, जिसमें सवार एसआई ओम प्रकाश त्रिपाठी व दो आरक्षी रतन व अशोक घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस जीप आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों में से एक आरक्षी का उपचार सीएचसी कछौना व एक आरक्षी का इलाज जिला चिकित्सालय हरदोई तथा उपनिरीक्षक ओम प्रकाश त्रिपाठी की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें उपचार हेतु लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं अज्ञात वाहन टक्कर मार कर मौके से फरार हो गया।
घायल दरोगा को भर्ती करा वापस आ रहे दो अन्य दरोगा भी सड़क हादसे में हुए घायल
देर रात जीप व अज्ञात वाहन की भिड़ंत में घायल दरोगा ओम प्रकाश त्रिपाठी को हालत गंभीर होने से जलते लखनऊ रिफर कर दिया गया। घायल दरोगा की एंबुलेंस के साथ कोतवाली कछौना के दरोगा संजय कुमार व कमरुद्दीन अपनी कार विटारा ब्रेजा से गये थे। घायल दरोगा को लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराकर वह अपनी कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सुबह तड़के लगभग 6 बजे अचानक सड़क पर आवारा पशु के आ जाने के कारण उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें उपनिरीक्षक संजय कुमार की रीढ़ की हड्डी में फैक्चर हो गया वही उपनिरीक्षक कमरुद्दीन को हल्की-फुल्की चोट आई। समाचार लिखे जाने तक घायल दरोगा संजय व कमरुद्दीन उपचार के बाद कोतवाली कछौना वापस आ चुके थे। घायल दरोगा संजय कुमार की रीढ़ में फैक्चर होने के चलते चिकित्सक ने उन्हें आराम की सलाह दी है।