ट्रक से भिड़ी एम्बुलेन्स टेक्निशियन की मौत

          सण्डीला कोतवाली क्षेत्र के नवीन मंडी के पास मरीज लेकर जा रही 108 एम्बुलेंस की सरिया लदे ट्रक से टक्कर हो गयी जिससे एम्बुलेंस पर बैठे इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन की मौत हो गयी।उसकी मौत सरिया घुसने से हो गयी जबकि चालक बाल-बाल बच गया।हादसे की शिकार एम्बुलेन्स के मरीजों को दूसरी एम्बुलेन्स से लखनऊ भेजा गया।
         हरदोई के जिला अस्पताल से मरीज लेकर एक 108 एम्बुलेंस लखनऊ जा रही थी।एम्बुलेन्स को गौरव पुत्र राजेन्द्र निवासी चुटकुना थाना विसलपुर जिला पीलीभीत चला रहा था।इसी एम्बुलेंस पर इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन सर्वेश कुमार सिंह 30 पुत्र सुखराज सिंह निवासी बदरौली जिला बहराइच बैठा था।
         एम्बुलेंस जैसे ही लखनऊ-हरदोई रोड पर सण्डीला की नवीन मंडी के सामने पहुची कि आगे सामने चल रहे सरिया लदे ट्रक ने ब्रेक लगा दी जिससे एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर ट्रक की पीछे टकरा गई।ट्रक में लदी सरिया एम्बुलेंस में बैठे ईएमटी के घुस गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया।सूचना पर मौके पर पहुची पुलिस ने शव को सीएचसी भेजा और दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे कराया।म्रतक सर्वेश के भाई मनीष ने एम्बुलेंस के चालक गौरव की लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।